नयी दिल्ली, (वार्ता) भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने बुधवार को कहा कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) का इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 के फाइनल मुकाबले को सशस्त्र बलों को समर्पित करना वास्तव में ‘अविश्वनीय’ सराहनीय कदम है और यह हमारी राष्ट्रीय एकता को दर्शता है।
गंभीर ने संवाददाता सम्मेलन से कहा, “मैं अक्सर कई मामलों में बीसीसीआई की आलोचना करता रहा हूं, लेकिन यह पहल वास्तव में सराहनीय है। सशस्त्र बलों को समर्पित किया गया कोई भी कार्य को हमारा पूर्ण समर्थन है। उन्होंने कहा कि यह एक अच्छी पहल है। यह दर्शाता है कि पूरा देश एकजुट है और हमारे सशस्त्र बलों को सलाम कर रहा है। बिना किसी स्वार्थ के हमारी रक्षा करने के लिए मैं सशस्त्र बलों को श्रेय देता हूं।”
मुख्य कोच गंभीर ने कहा, “हमारे सैनिक बदले में कुछ भी अपेक्षा किए बिना हमारी सेवा करते हैं, सुरक्षा करते हैं और बलिदान देते हैं। उन्होंने कहा कि यह कदम न केवल क्रिकेट संस्था के लिए बल्कि इससे भी अधिक वर्दीधारी बहादुर पुरुषों और महिलाओं के लिए व्यापक सराहना का पात्र है।”
गंभीर ने यह टिप्पणी पहलगाम आतंकवादी हमले के जवाब में भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा चलाये गये ऑपरेशन सिंदूर के बाद बीसीसीआई द्वारा आईपीएल 2025 के समापन समारोह को सशस्त्र बलों को समर्पित करने के फैसले प्रति एकजुटता प्रकट करते हुए की है।
आगामी तीन जून को अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में आयोजित आईपीएल के फाइनल मुकाबले में सेना, नौसेना और वायु सेना के सम्मान में सैन्य बैंड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के 45 मिनट का समारोह आयोजित किया जायेगा। समापन समारोह में सेना प्रमुखों सहित शीर्ष सैन्य अधिकारियों को आमंत्रित किया गया है।
बीसीसीआई ने कहा है कि इस पहल का उद्देश्य सशस्त्र बलों की निस्वार्थ सेवा और बहादुरी के लिए राष्ट्र की कृतज्ञता को उजागर करना है। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने समारोह की पुष्टि करते हुए कहा कि क्रिकेट देश को एकजुट करता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र, उसकी संप्रभुता, अखंडता और सुरक्षा से बढ़कर कुछ भी नहीं है।
