नयी दिल्ली (वार्ता) मंगोलिया में गुरुवार से शुरु होने वाले उलानबटार ओपन 2025 कुश्ती टूर्नामेंट में ओलंपिक पदक विजेता अमन सेहरावत सहित 31 पहलवान स्पर्धा करेंगे।
मंगोलिया में 29 मई से एक जून तक चलने वाले उलानबटार ओपन 2025 कुश्ती टूर्नामेंट में 31 भारतीय पहलवानों का दल प्रतिस्पर्धा करेगा। भारतीय पहलवान अमन सेहरावत पेरिस 2024 में कांस्य जीतने के बाद पहली बार इस टूर्नामेंट में प्रतिस्पर्धा करेंगे।
जिसमें महिला और ग्रीको-रोमन श्रेणियों में 10-10 और पुरुष फ्रीस्टाइल में 11 पहलवान शामिल हैं।
एशियाई चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता उदित और दीपक पूनिया क्रमशः 61 किग्रा और 92 किग्रा फ्रीस्टाइल डिवीजनों में भाग लेंगे। ग्रीको-रोमन में, पूर्व विश्व अंडर-17 चैंपियन सूरज 60 किग्रा वर्ग में एक्शन में दिखेंगे। वहीं, विश्व कुश्ती चैंपियनशिप और एशियाई कांस्य पदक विजेता अंतिम पंघाल 53 किग्रा महिला वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
एशियाई चैंपियन मनीषा 62 किग्रा वर्ग में शिरकत करेंगी, जबकि विश्व अंडर-20 कांस्य नेहा और पूर्व अंडर-17 विश्व चैंपियन हर्षिता क्रमशः 57 किग्रा और 72 किग्रा वर्ग का हिस्सा हैं।
उलानबटार ओपन टूर्नामेंट में 200 से अधिक पहलवान हिस्सा लेंगे।
