गोपद पुल पर हादसा: बाइक-कार की टक्कर में युवक की मौत

सिंगरौली:नेशनल हाईवे-39 पर चितरंगी थाना क्षेत्र अंतर्गत गोपद पुल के पास दोपहर करीब 12 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। मोटरसाइकिल वाहन क्रमांक एमपी 53 जेडसी 1317 और कार की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जिला चिकित्सालय सीधी में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

मृतक युवक रामसिंह पिता कुंजलाल सिंह उम्र 23 वर्ष बहरी थाना क्षेत्र के ग्राम बैसाहिया का निवासी बताया जा रहा है, जो अपने ससुराल से वापस घर लौट रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक ओवरटेक करने के प्रयास में सामने से आ रही कार से टकरा गया। बताया जा रहा है कि कार वाहन क्रमांक यूपी 78 जीएच 4858 सतना से जीएसटी विभाग की टीम को लेकर बैढ़न इंजीनियरिंग कॉलेज में ऑडिट के लिए आ रही थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक और कार दोनों को भारी नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
बहरी स्वास्थ्य केंद्र में नहीं मिला स्टाफ
दुर्घटना की सूचना मिलते ही झोखो पुलिस सहायता केंद्र के प्रभारी अनिल मिश्रा एवं हमराह पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए बहरी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालांकि वहां कोई स्वास्थ्य कर्मी मौजूद नहीं था, जिससे प्राथमिक उपचार नहीं मिल सका। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से घायल को जिला चिकित्सालय सीधी रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही चितरंगी तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक घायल को सीधी रवाना किया जा चुका था। पुलिस ने मौके का मुआयना कर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Next Post

भारतीय सीनियर महिला टीम तुर्की में तीन मैत्री मैच खेलेगी

Thu Jan 15 , 2026
नयी दिल्ली 15 जनवरी (वार्ता) अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने गुरुवार को बताया कि भारतीय सीनियर महिला टीम तुर्की में तीन फुटबॉल क्लबों के साथ मैत्री मैच खेलेंगी। एआईएफएफ के अनुसार भारतीय सीनियर महिला टीम 26 खिलाड़ियों के साथ तुर्की में ट्रेनिंग कैंप के लिए रवाना हो गई है। […]

You May Like