मुंबई | बॉलीवुड सुपरस्टार रणवीर सिंह की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ का आधिकारिक ट्रेलर आज रिलीज कर दिया गया है। करीब 3 मिनट 25 सेकेंड के इस ट्रेलर में रणवीर सिंह अपने जासूस किरदार ‘हमजा’ के रूप में पहले से कहीं अधिक आक्रामक और खतरनाक नजर आ रहे हैं। आदित्य धर के निर्देशन में बनी यह फिल्म रहमान डकैत की मौत के बाद ल्यारी (कराची) के इलाके पर वर्चस्व की जंग को दिखाती है। ट्रेलर में सस्पेंस और हाई-ऑक्टेन एक्शन दृश्यों की भरमार है, जिसने रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है।
इस फिल्म में रणवीर सिंह के साथ संजय दत्त, अर्जुन रामपाल और सारा अर्जुन जैसे दिग्गज कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं। चर्चा है कि अक्षय खन्ना भी फ्लैशबैक दृश्यों के माध्यम से कहानी का हिस्सा बनेंगे। फिल्म के दूसरे भाग में हमजा के अतीत की परतों को खोला जाएगा और दिखाया जाएगा कि कैसे एक आम इंसान भारत का सबसे घातक जासूस बना। कहानी 26/11 के हमलों के प्रतिशोध और सीमा पार छिपे दुश्मनों के सफाए के इर्द-गिर्द बुनी गई है, जो दर्शकों के बीच देशभक्ति का जोश भरने के लिए तैयार है
ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि ‘धुरंधर 2’ बॉक्स ऑफिस के सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ सकती है। फिल्म की जबरदस्त हाइप को देखते हुए ओपनिंग डे पर 100 करोड़ रुपये से अधिक के कलेक्शन का अनुमान लगाया जा रहा है। फिलहाल हिंदी बेल्ट में इस फिल्म को चुनौती देने वाला कोई बड़ा मुकाबला नहीं है, जिससे इसके पास लंबी कमाई करने का सुनहरा मौका है। ‘उस्ताद भगत सिंह’ जैसी फिल्में मार्च के अंत में आ रही हैं, लेकिन रणवीर सिंह का यह ‘खूंखार अवतार’ सिनेमाघरों में सुनामी लाने के लिए पूरी तरह तैयार नजर आ रहा है।

