ग्वालियर: देश में सुख-शांति और प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षा की कामना को लेकर बालाजी धाम गोलपाड़ा मंदिर के सेवादार 65 वर्षीय जगबीर दास धार्मिक पदयात्रा पर निकलेंगे। यह यात्रा 2 अक्टूबर को सुबह 10 बजे संकट मोचन हनुमान बालाजी धाम मंदिर, गोला का मंदिर, लश्कर से शुरू होगी।
यात्रा का पहला चरण ग्वालियर से राजस्थान स्थित मेहंदीपुर बालाजी धाम तक पैदल तय किया जाएगा। यात्रा की शुरुआत लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर होगी। उनके साथ मंदिर के चार अन्य सेवादार राहुल माहेश्वरी, मानसिंह चौहान, शैलेंद्र भार्गव और शैलेश शर्मा भी रहेंगे।
महंत जगबीर दास का कहना है कि यात्रा का मुख्य उद्देश्य देश की खुशहाली और बाढ़, अतिवृष्टि, सूखा, आंधी-तूफान जैसी प्राकृतिक आपदाओं से जन-जीवन की रक्षा की प्रार्थना करना है। वे बालाजी महाराज के दरबार में देश में शांति, किसानों की फसल, पशुधन और परिवारों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना करेंगे।
उन्होंने बताया कि पदयात्रा के दौरान रास्ते में मिलने वाले लोगों से वे यात्रा के उद्देश्य को साझा करेंगे और इसके लिए पर्चे भी वितरित करेंगे। उनका कहना है कि वे लोगों को बताएंगे कि वे योगी आदित्यनाथ को 2029 में देश के प्रधानमंत्री के रूप में क्यों देखना चाहते हैं।
पहले चरण के बाद आगे की यात्रा धार्मिक स्थलों को केंद्र में रखकर करने की योजना है।
