भिण्ड: “संकल्प से समाधान” अभियान अंतर्गत आज रामलीला मैदान मेहगांव में खण्ड स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत भिण्ड, अनुविभागीय अधिकारी मेहगांव सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं खण्ड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही जनप्रतिनिधियों के रूप में आलोक शुक्ला, जनपद पंचायत मेहगांव अध्यक्ष श्रीमती आशा देवी एवं नगर परिषद मेहगांव अध्यक्ष कंचन राठौर उपस्थित रहीं।कार्यक्रम की शुरुआत में विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा अपनी-अपनी विभागीय योजनाओं की जानकारी आमजन को प्रदान की गई। तत्पश्चात उपस्थित नागरिकों द्वारा अपने-अपने आवेदन पंजीकृत कराए गए।
शिविर में कुल 144 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 93 आवेदनों का निराकरण मौके पर ही किया गया। जिसमें राजस्व विभाग के 4, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 3, समग्र पंजीयन के 35, महिला एवं बाल विकास विभाग के 31, विद्युत विभाग का 1, नगर पंचायत के 15, आधार पंजीयन के 46 स्वास्थ्य विभाग (आयुष्मान कार्ड) के 2, शिक्षा विभाग के 7 आवेदन प्राप्त हुए।
शिविर के दौरान पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया, जिसमें प्रमुख रूप से राजस्व विभाग द्वारा पुष्पा देवी निवासी धनोली एवं अर्चना ठाकुर निवासी खैरिया को 4-4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृति आदेश प्रदान किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पलक पुत्री श्रीमती मधु एवं सही पुत्री श्रीमती मोंसा बाई को लाड़ली लक्ष्मी योजना का लाभ दिया गया। जनपद पंचायत द्वारा छोटी पुत्री जितेन्द्र सिंह को दिव्यांग शिक्षा प्रोत्साहन योजना अंतर्गत सहायता दी गई। नगर पंचायत मेहगांव द्वारा नेहा राठौर को संबल योजना का लाभ प्रदान किया गया।
