इंदौर: पश्चिमी बायपास सड़क का काम जल्द शुरू हो जाएगा. यह बात इसलिए चर्चा में है कि कलेक्टर ने दो दिन पहले ही सड़क के लिए जमीन अधिग्रहण कार्य पूरा करने का कहा है. शहर की 158 किलोमीटर रिंग बनाने का रास्ता साफ हो गया है. इसके पहले चरण में 64 किलोमीटर लंबी सड़क का हिस्सा एनएचएआई बना रहा है, जिसका काम जल्द ही शुरू हो जाएगा. एनएचएआई ने निर्माण एजेंसी तय कर दी है और टेंडर पास हो चुका है. 64 किलोमीटर लंबी सड़क दो पैकेज में बनेगी, जिसमें पहला हिस्सा 30 किलोमीटर खंडवा गांव से हातोद और दूसरा हातोद से डकाच्या 32 किलोमीटर एबी रोड तक बनाया जाएगा.
उक्त सड़क 6 लेन चौड़ी बनाई जाएगी. एनएचएआई के सूत्रों ने बताया कि पश्चिमी बायपास सड़क का काम जल्द ही शुरू कर देंगे. इसके लिए भू अर्जन और मुआवजा का कार्य दो दिन में निपट जाएगा. सभी गांव के किसान ने सहमति दे दी है और बचे किसानों को अवार्ड पारित करने के लिए सूची बना ली गई है. संभवतः ज्यादा से ज्यादा एक हफ्ते में सब काम पूर्ण हो जाएंगे. साथ ही सड़क की लाइन डालने और खुदाई का काम शुरू हो जाएगा. बताया जा रहा है कि उक्त सड़क निर्माण कार्य 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.
भूमि राशि पोर्टल से एक क्लिक में किसानों को पैसा
सरकार ने भूमि राशि पोर्टल बनाया है. इस पोर्टल पर लाडली बहना की तरह किसानों को एक क्लिक करते ही खाते में पैसा चला जाएगा. इसके लिए किसानों को आरआई, पटवारी के पास मुआवजे के लिए चक्कर नहीं काटने पढ़ेंगे. किसानों को अपने बैंक खाते नंबर सरकार को देना होंगे.
31 गांव के 600 सौ हैक्टेयर भूमि
पश्चिमी बायपास सड़क के लिए 31 गांव की 600 सौ हैक्टेयर भूमि अधिग्रहण किया जा रहा है। इसमें देपालपुर, सांवेर और हातोद तहसील 26 गांव की जमीन शामिल है और 5 गांव पीथमपुर तहसील के है, जो धार जिले में आती है. वर्तमान में 8 सौ किसानों की जमीन अधिग्रहण किया जा चुका है.
दो पैकेज में सड़क
64 किलोमीटर लंबी 6 लेन चौड़ी पश्चिमी बायपास सड़क दो पैकेज में बनेगी.
पैकेज – 1 में पीथमपुर के खंडवा गांव से हातोद तक 30 किलोमीटर
पैकेज – 2 में हातोद से देवास जिले के डकाच्या गांव एबी रोड तक 32 किलोमीटर
2 हजार करोड़ का ठेका एमकेसी अहमदाबाद को
64 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण का ठेका अहमदाबाद की एमकेसी कंट्रक्शन कंपनी को दिया गया है. एनएचएआई ने मार्च 2024 में ही सड़क निर्माण का वर्क ऑर्डर जारी कर दिया था.
इस कारण निर्माण शुरू नहीं हो सका
राज्य सरकार ने जमीन अधिग्रहित करके नहीं दी, इसलिए अभी तक सड़क निर्माण शुरु नहीं हो सका. जमीन अधिग्रहण नहीं करने के बारे में सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने इंदौर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री और स्थानीय प्रशासन को जमीन अधिग्रहण कार्य जल्दी करके देने का कहा था.
जल्द शुरू करेंगे कार्य
एनएचएआई के रीजनल डायरेक्टर सोमेश बांझल ने कहा कि दो दिन पूर्व सब तय हो चुका है। सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू कर देंगे
