इंदौर:शहर में बीते दिनों हुई आधा दर्जन से अधिक बड़ी चोरियों का अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है. महिला पुलिस अफसर से लेकर उद्योगपति और व्यापारियों तक के घरों में चोरी हो चुकी है, लेकिन पुलिस अब तक खाली हाथ है.तीन दिन पहले कनाड़िया पुलिस लाइन में रहने वाली महिला इंस्पेक्टर कीर्ति सिंह भदौरिया के घर चोरी हुई थी. फुटेज में चोर भूरी टेकरी से बायपास की ओर जाते दिखे, लेकिन उनकी पहचान नहीं हो पाई है.
इसके पहले शराब ठेकेदार रिंकू भाटिया के बिचौली स्थित मकान से भी लाखों की चोरी हो चुकी है. वहीं लसूड़िया क्षेत्र के इनफिनिटी टॉवर में चोरों ने सात फ्लैटों में सेंध लगाई थी, जिनमें व्यापारी कैलाश गुप्ता का फ्लैट प्रमुख था. चोर दीवार फांदकर टाउनशिप में दाखिल हुए थे. उद्योगपति असीम पाठक के घर लसूड़िया में चोरी, गोयल ग्रीन और सिल्वर स्पि्रंग जैसी टाउनशिपों में हुई वारदातें भी अब तक अनसुलझी हैं. सभी जगह चोर बड़ी ही सफाई से वारदात कर फरार हो गए. पुलिस की तमाम कोशिशों के बावजूद इन मामलों में अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हो पाई है, जिससे अफसरों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं
