
इंदौर. लसूड़िया थाना क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां स्कीम नंबर 78 में पेइंग गेस्ट के रूप में रह रही 25 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. युवती इंदौर के बाहर की रहने वाली थी और एक निजी कंपनी में नौकरी करती थी. घटना के बाद मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें युवती ने अपनी मर्जी से जान देने की बात लिखी है.
लसूड़िया थाना प्रभारी तारेश कुमार सोनी ने बताया कि मृतका का नाम प्रियांशी पिता गजेंद्र सुगंधी निवासी मूल रूप से बाहर की है, जो स्कीम नंबर 78 स्थित एक मकान में पेइंग गेस्ट के रूप में किराए पर रह रही थी. रात पुलिस को सूचना मिली कि युवती ने अपने कमरे में फांसी लगा ली है. पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर एमवाय अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा. पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें प्रियांशी ने स्पष्ट तौर पर लिखा है कि वह स्वेच्छा से यह कदम उठा रही है. हालांकि, सुसाइड नोट में कुछ और बातें भी दर्ज हैं, जिन्हें लेकर पुलिस जांच कर रही है. आत्महत्या के कारणों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस प्रियांशी के दोस्तों, सहकर्मियों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है. पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर आगे की जांच शुरु कर दी है. प्रकरण में फिलहाल मर्ग कायम कर विस्तृत विवेचना की जा रही है.
