पुलिस ने चंद घंटे में मासूम को तलाश कर माता-पिता की लौटाई मुस्कान

इंदौर:तिलक नगर थाना क्षेत्र में कल देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब एक तीन साल की मासूम बच्ची लापता हो गई. बच्ची अपनी बड़ी बहन के पीछे-पीछे दूध डेरी तक चली गई थी और वापस नहीं लौटी थी. परिजनों द्वारा थाने में शिकायत के चंद घंटों के भीतर पुलिस ने बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया और माता-पिता की गोद में लौटाकर मुस्कान लौटा दी.

ग्रेटर ब्रजेश्वरी में रहने वाले रमेश भिलाला ने गुरुवार देर रात तिलक नगर थाने पहुंच कर पुलिस को बताया कि उनकी बड़ी बेटी दूध लेने गई थी, जिसके पीछे तीन साल की छोटी बेटी भी निकल गई और लौटकर नहीं आई. फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने तुरंत गुमशुदगी का प्रकरण दर्ज कर मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी. डीसीपी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई.

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अमरेंद्र सिंह और सहायक पुलिस आयुक्त कुंदन मंडलोई के मार्गदर्शन में तिलक नगर थाने की टीम ने तुरंत घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए. एक फुटेज में बच्ची को अकेले जाते और फिर एक व्यक्ति द्वारा उसे गोद में उठाकर ले जाते देखा गया. टीम ने तेजी से सर्चिंग करते हुए अग्रवाल पब्लिक स्कूल के पास एक झोपड़ी में बच्ची को एक महिला के पास सोते हुए पाया. बच्ची को सुरक्षित कब्जे में लेकर तुरंत परिजनों के हवाले कर दिया गया.
आरोपी दंपत्ति हिरासत में, पूछताछ जारी
मामले में पुलिस ने 50 वर्षीय भूरालाल भिलाला और उसकी पत्नी को हिरासत में लिया है. प्रारंभिक पूछताछ में भूरालाल ने बताया कि बच्ची को रोते हुए देखकर वह उसे बिस्किट दिलाकर अपने झोपड़े में ले आया था. उसका कहना है कि वह थाने नहीं जानता था और सुबह जाकर सूचना देने वाला था. पुलिस फिलहाल दोनों की मनोदशा और पूर्ववृत्त की जांच करवा रही है. बच्ची पूरी तरह से सुरक्षित है. पुलिस ने बताया कि उसके साथ किसी तरह की कोई अप्रिय घटना नहीं हुई. वहीं आरोपियों पर कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस टीम का सराहनीय काम
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी मनीष लोधा, उप निरीक्षक नवीन पाठक, सचिन आर्य, संजय विश्नोई, एएसआई संजय चौहान, प्रधान आरक्षक मुजफ्फर यादव, भोला यादव, विश्वनाथ, अखिलेश व थाना कनाडिया, थाना लसूडिया तथा डीआरपी लाइन के जवानों की अहम भूमिका रही

Next Post

पाटनीपुरा चौराहे पर दुकान में लगी भीषण आग

Fri May 9 , 2025
इंदौर। पाटनीपुरा चौराहे पर स्थित एक दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी, फिलहाल मौके पर पुलिस पहुंची और एक तरफ का यातायात बंद करवाया। अभी तक किसी के […]

You May Like