ऑपरेशन स्काय का असर, बाजार से गायब हुआ चीनी मांझा

इंदौर. पुलिस के ऑपरेशन स्काय ने शहर में चीनी मांझा कारोबार की कमर तोड़ दी है. लगातार कार्रवाई और सख्त चेतावनियों के चलते अब तक शहर से करीब 90 प्रतिशत चीनी मांझा बाजार से गायब हो चुका है. हालात यह हैं कि जिन इलाकों में खुलेआम मांझा बिकता था, वहां अब दुकानों पर ताले लगे हैं या साफ लिखा है कि डोर उपलब्ध नहीं है.

कनाड़िया बायपास पर चीनी मांझा की चपेट में आने से 16 वर्षीय किशोर की मौत के बाद पुलिस ने अभियान तेज किया. इसके तहत डोर बेचने वाली करीब 80 दुकानों की पहचान की गई, जो एमजी रोड, खजराना, सदर बाजार, परदेशीपुरा, द्वारकापुरी, पंढरीनाथ, चंदन नगर, आजाद नगर और मल्हारगंज क्षेत्रों में थीं. सभी कारोबारियों को थानों पर बुलाकर बांडओवर कराया और दोबारा चीनी मांझा बेचने पर जेल और जिलाबदर की सख्त चेतावनी दी गई. एमजी रोड के काछी मोहल्ला क्षेत्र में चार कारोबारियों को तड़ीपार करने के नोटिस भी जारी किए गए. पुलिस की सख्ती का सीधा असर बाजार पर दिखा है. शहर के प्रमुख पतंग बाजारों में अब मांझा मिलना लगभग बंद हो गया है. काछी मोहल्ला समेत कई इलाकों में एक भी दुकान पर चीनी मांझा नहीं है, जिससे खरीदार खाली हाथ लौट रहे हैं. हालांकि कुछ लोग चोरी-छिपे सामान्य डोर को भी महंगे दामों पर ब्लैक में बेच रहे हैं, लेकिन खुलेआम चीनी मांझा की बिक्री पर पूरी तरह ब्रेक लग गया है. पुलिस की निगरानी के चलते अधिकांश व्यापारी अब सिर्फ पतंग बेच रहे हैं. एडीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया ने बताया कि ऑपरेशन स्काय के तहत हर थाने में टीमें तैनात की गई हैं. क्राइम ब्रांच लगातार बाजार और इलाकों पर नजर रखे हुए है. छतों पर पतंग उड़ाने वालों की भी जांच की जा रही है ताकि चीनी मांझा के कारण किसी तरह की जनहानि न हो. पुलिस की सख्ती का असर यह भी है कि इस बार मकर संक्रांति पर पतंगबाजी अपेक्षाकृत कम रहने के संकेत हैं. अभियान को आगे भी जारी रखा जाएगा ताकि शहर को जानलेवा चीनी मांझा से पूरी तरह मुक्त किया जा सके.

Next Post

शिलापट्टी व बैनर से जिपं अध्यक्ष का नाम और फोटो गायब, भूमि पूजन कार्यक्रम में प्रोटोकॉल उल्लंघन पर तीन को नोटिस

Tue Dec 23 , 2025
विदिशा। जनपद पंचायत नटेरन अंतर्गत ग्राम पंचायत खड़ेर में 8 दिसंबर को आयोजित सामुदायिक भवन के भूमि पूजन कार्यक्रम में शासकीय प्रोटोकॉल के घोर उल्लंघन का मामला सामने आया है. कार्यक्रम के दौरान लगाए गए शिलापट्टी में जिला पंचायत अध्यक्ष का नाम अंकित नहीं किया गया और न ही बैनर […]

You May Like