नयी दिल्ली, 21 मार्च (वार्ता) फिलिस्तीनी आतंकी संगठन हमास के साथ कथित संबंधों को लेकर अमेरिकी आव्रजन अधिकारियों द्वारा भारतीय छात्र बदर खान सूरी को हिरासत में लिए जाने के रिपोर्टों पर विदेश मंत्रालय ने आज स्पष्ट किया कि इस मामले में अमेरिकी सरकार या भारतीय नागरिक ने उनसे संपर्क नहीं किया है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने यहां नियमित मीडिया ब्रीफिंग में इस मामले में सवालों का जवाब देते हुए कहा, “हमें मीडिया रिपोर्टों के माध्यम से यह जानकारी मिली है कि इस विशेष व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। न तो अमेरिकी सरकार और न ही इस व्यक्ति ने हमसे या भारतीय दूतावास से संपर्क किया है।”
फिलिस्तीन समर्थक प्रदर्शनों का हिस्सा होने के कारण वीजा रद्द किए गए एक अन्य भारतीय छात्र रंजनी श्रीनिवासन के बारे में पूछे जाने पर प्रवक्ता ने कहा, “हम कहते रहे हैं कि जब वीजा और आव्रजन नीति की बात आती है, तो यह किसी देश के संप्रभु कार्यों के अंतर्गत आता है। हम अपनी ओर से यह अपेक्षा करते हैं कि जब हमारे विदेशी नागरिक भारत आएं, तो वे हमारे कानूनों और विनियमों का पालन करें, और इसी तरह हमारी यह अपेक्षा है कि जब भारतीय नागरिक विदेश में हों, तो उन्हें स्थानीय कानूनों और विनियमों का भी पालन करना चाहिए।”
उल्लेखनीय है कि जॉर्जटाउन विश्वविद्यालय में पोस्ट डॉक्टरल फेलो बदर खान सूरी को सोमवार रात वर्जीनिया के अर्लिंग्टन के रॉसलिन इलाके में उनके घर के बाहर नकाबपोश एजेंटों ने गिरफ्तार कर लिया। उनके वकील ने उनकी तत्काल रिहाई की मांग करते हुए मुकदमा दायर किया है।
