
छिंदवाड़ा. गुरैया सब्जी मंडी छिंदवाड़ा में लगातार 36वें शनिवार जैविक हाट का आयोजन किया गया। इस बार जैविक हाट में जिले में प्राकृतिक रूप से उत्पादित बेबी कॉर्न पहली बार बिक्री के लिए उपलब्ध हुआ, जिसे शहरवासियों ने खूब पसंद किया। सेवानिवृत्त वैज्ञानिक डॉ. विजय पराड़कर एवं डॉ.एस.डी. सावरकर ने बेबी कॉर्न की गुणवत्ता की सराहना की। उन्होंने बताया कि बेबी कॉर्न में फाइबर सहित कई पोषक तत्व पाए जाते हैं। इसके उत्पादन से किसानों को नए बाजार उपलब्ध हो सकते हैं और उनकी आय के नए अवसर भी बन सकते हैं। सेवानिवृत्त वैज्ञानिक डॉ. पराड़कर जाने-माने मक्का विशेषज्ञ हैं और वर्तमान में अमेरिका से लंबे प्रवास के बाद लौटे हैं। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी बेबी कॉर्न की अच्छी मांग है।जिले में इसके उत्पादन की व्यापक संभावनाएं हैं और किसान इसका उत्पादन कर बेहतर बाजार प्राप्त कर सकते हैं।
अब रविवार के दिन भी लगेगा जैविक हाट
जैविक उत्पादों की बढ़ती मांग को देखते हुए किसानों द्वारा अब शनिवार के साथ रविवार को भी जैविक हाट लगाने का निर्णय लिया गया है। हाट प्रात: 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक रहेगा। इससे किसानों को अपनी जैविक एवं प्राकृतिक उपज बेचने के लिए अतिरिक्त अवसर मिलेगा, वहीं शहरवासियों को भी जैविक उत्पाद खरीदने की सुविधा प्राप्त होगी।
