कांग्रेस नेता ओम शर्मा पर लाठी-पत्थरों से प्राणघातक हमला, गंभीर हालत में उदयपुर रेफर, अस्पताल में लगा जमावड़ा

नीमच। शहर के बरुखेड़ा रोड स्थित परशुराम गृह निर्माण साख सोसायटी में मुख्य गेट के विवाद ने गुरुवार दोपहर खूनी रूप ले लिया। विवाद के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता ओम शर्मा के साथ लाठी और पत्थरों से जमकर मारपीट की गई। घटना की खबर फैलते ही शहर में हडक़ंप मच गया और जिला अस्पताल में कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं व पारिचितों का भारी जमावड़ा लग गया। प्राथमिक उपचार और टांके लगाने के बाद चोटों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें उदयपुर रेफर कर दिया गया है।

गेट और प्लॉट के पुराने विवाद से शुरू हुआ खूनी संघर्ष

प्राप्त जानकारी के अनुसार, परशुराम गृह निर्माण सोसायटी में कॉलोनी के मुख्य गेट और एक भूखंड को लेकर दो पक्षों में लंबे समय से तनातनी चल रही है। बताया जा रहा है कि यह मामला माननीय हाईकोर्ट में भी लंबित है। अनंत चतुर्दशी के दिन सोसायटी की ओर से गेट निर्माण के लिए भूमिपूजन कर गड्ढा खोदा गया था। आरोप है कि दूसरे पक्ष ने गड्ढे को भरकर वहां पिलर खड़े कर दिए और लोहे की गुमटी रख दी। गुरुवार को जब सोसायटी से जुड़े लोग मौके पर पहुंचे, तो विवाद अचानक हिंसक हो गया और ओम शर्मा पर हमला कर दिया गया।

10-15 लोगों की मौजूदगी में लाठी-पत्थरों से हमले का आरोप

घटना को लेकर पंडित राधेश्याम उपाध्याय ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि मौके पर 10 से 15 लोग मौजूद थे। आरोप है कि देवीलाल दवे और उनके पुत्र अनिकेत दवे ने अन्य लोगों के साथ मिलकर ओम शर्मा पर लाठी और पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल में जुटे कांग्रेस नेता, माहौल गरमाया

गंभीर हालत में ओम शर्मा को तुरंत जिला अस्पताल लाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने सिर व शरीर पर आए जख्मों पर टांके लगाए। घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस जिलाध्यक्ष तरुण बाहेती सहित जिले के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे, जिससे अस्पताल परिसर में तनाव और गहमागहमी का माहौल बन गया। हालत चिंताजनक होने पर परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए उदयपुर ले गए।

पुलिस जाँच में जुटी

नीमच सिटी थान में प्रकरण दर्ज किए जाने की कारवाई जारी है, फिलहाल पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। मारपीट में शामिल आरोपियों की पहचान, हिंसा की मुख्य वजह और हाईकोर्ट में लंबित कानूनी पहलुओं की जाँच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

Next Post

जीआरपी ने मोबाइल चोरी के आरोपी को पकड़ा

Thu Oct 1 , 2026
जबलपुर। जीआरपी जबलपुर ने मोबाइल चोरी के मामले में आरोपी दीपक लीलानी उर्फ देव उर्फ दाऊ (20), निवासी कैरिन लाइन, माधवनगर, कटनी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने जबलपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-6 पर गोंडवाना एक्सप्रेस में यात्री की जेब से करीब 28 हजार रुपए का रियलमी मोबाइल […]

You May Like