आचार्य विजय तिवारी किसलय को हिन्दी काव्य विभूषण की मानद उपाधि

जबलपुर। संस्कारधानी के साहित्यकार आचार्य विजय तिवारी ‘किसलय’ को राजस्थान के श्रीनाथद्वारा में आयोजित तीन दिवसीय ‘हिन्दी लाओ-देश बचाओ’ समारोह में ‘हिन्दी काव्य विभूषण’ की मानद उपाधि से अलंकृत किया गया। सुप्रसिद्ध साहित्य मंडल श्रीनाथद्वारा के आयोजन में देशभर से आए साहित्यकारों की मौजूदगी में उन्हें तिलक, शाल, श्रीफल, उत्तरीय, श्रीनाथजी का चित्र, कंठहार, प्रसाद, मेवाड़ी पगड़ी और सम्मान निधि प्रदान की गई। समारोह में लोकनृत्य, हिन्दी पर व्याख्यान, अखिल भारतीय कवि सम्मेलन के साथ विभिन्न साहित्यकारों की कृतियों का लोकार्पण भी हुआ। आचार्य किसलय ने साहित्य मंडल पुस्तकालय के लिए अपनी चार काव्य कृतियों के साथ स्व. भगवती प्रसाद देवपुरा पर केंद्रित ‘गीत पराग’ पत्रिका तथा आचार्य भगवत दुबे पर केंद्रित अभिनंदन ग्रंथ भेंट किया।

सैकड़ों साहित्यकार शामिल हुए 

समारोह के दूसरे दिन अतिथि के रूप में आचार्य किसलय ने साहित्य मंडल श्रीनाथद्वारा के प्रधानमंत्री श्याम प्रकाश देवपुरा द्वारा हिन्दी और हिन्दी साहित्य के प्रचार-प्रसार के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की और देशभर के साहित्यकारों से उनके संकल्प में सहभागी बनने का आह्वान किया। तीसरे दिन अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में उनके गीत ‘आ शुरू कर दें अभी से, कुछ नहीं जग में कठिन’ ने खूब वाहवाही बटोरी। समारोह में मध्यप्रदेश, पश्चिम बंगाल उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, गुजरात, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, दिल्ली, ओडिशा, असम, झारखंड, हरियाणा, उत्तराखंड और बिहार से आए सैकड़ों साहित्यकार शामिल हुए। इनमें पं. मदन मोहन शर्मा, डॉ. राहुल, भारत सातपुते, रवीन्द्र नाथ तिवारी, कैलाश बाजपेयी, संतोष तिवारी, गोपाल माहेश्वरी, डॉ. मनीषा गिरि, हरिश्चन्द्र शाक्य, निर्मल औदिच्य, ललित फरक्या, मुकेश इंदौरी और प्रवीण पारखी सहित अनेक साहित्यकार मौजूद रहे।

Next Post

चढ़ावा चोरी से गरमाए माहौल में राहुल पर सबकी नजर : कांग्रेस

Wed Sep 23 , 2026
नयी दिल्ली, 23 सितंबर (वार्ता) अयोध्या में राम मंदिर चढ़ावा चोरी का मुद्दा सार्वजनिक होने के बाद उत्तर प्रदेश का राजनैतिक माहौल बदल गया है और पूरा विपक्ष कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में प्रदेश को नयी राह पर ले जाने को नजर आता है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के […]

You May Like