खाद संकट और किसान बेटी से मारपीट पर शिवसेना उतरेगी सड़क पर

छतरपुर। नगर में किसानों को खाद न मिलने की समस्या और किसान की बेटी को थप्पड़ मारने की घटना को लेकर शिवसेना ने कड़ा रुख अपनाया है। इन मुद्दों पर आंदोलन की रणनीति तय करने के लिए हनुमान टौरिया के पास स्थित एक निजी होटल में शिवसेना की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मौजूद शिवसेना नेताओं ने कहा कि जिले में किसान खाद संकट से जूझ रहे हैं, लेकिन प्रशासन और जनप्रतिनिधि गंभीरता नहीं दिखा रहे। वहीं, किसान की बेटी के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर भी नाराजगी जताई गई। नेताओं ने बताया कि इस घटना को 12 से 13 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक किसी भी नेता ने न तो इसकी निंदा की और न ही पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए कोई ठोस कदम उठाया गया।

शिवसेना नेताओं ने स्पष्ट किया कि इसी उदासीनता के चलते संगठन ने आंदोलन का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि 24 दिसंबर को शिवसेना गल्ला मंडी पहुंचेगी, जहां संबंधित लोगों से सार्वजनिक रूप से माफी की मांग की जाएगी और किसान की बेटी को न्याय दिलाने की मांग उठाई जाएगी।

नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि गल्ला मंडी में माफी नहीं मांगी गई और उचित कार्रवाई के संकेत नहीं मिले, तो शिवसेना द्वारा जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा। बैठक में आंदोलन को शांतिपूर्ण लेकिन प्रभावी बनाने की रणनीति पर भी चर्चा की गई।

शिवसेना ने प्रशासन से मांग की है कि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराई जाए और मारपीट की घटना में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Next Post

म्यूचुअल फंड व ट्रेडिंग के नाम पर 60 लाख से अधिक की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

Sat Dec 13 , 2025
सारनी। म्यूचुअल फंड और ऑनलाइन ट्रेडिंग में रकम दोगुना करने का लालच देकर लोगों से बड़ी ठगी करने वाले आरोपी को सारणी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने फर्जी निवेश योजनाओं के जरिए कई लोगों से लाखों रुपये ऐंठे। फरियादी शंकरराव हुरमाडे (65), निवासी पाथाखेड़ा की शिकायत पर […]

You May Like