
सारनी। म्यूचुअल फंड और ऑनलाइन ट्रेडिंग में रकम दोगुना करने का लालच देकर लोगों से बड़ी ठगी करने वाले आरोपी को सारणी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने फर्जी निवेश योजनाओं के जरिए कई लोगों से लाखों रुपये ऐंठे। फरियादी शंकरराव हुरमाडे (65), निवासी पाथाखेड़ा की शिकायत पर थाना सारणी में अपराध पंजीबद्ध किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी कैलाश खाडे ने म्यूचुअल फंड व ट्रेडिंग में अधिक मुनाफे का झांसा देकर शंकरराव हुरमाडे से 21 लाख 60 हजार रुपये, गजानंद झरबडे से 8.50 लाख रुपये, कृष्णाराव गवांडे से करीब 11 लाख रुपये, अनिल विश्वकर्मा से 18 लाख रुपये तथा विजय डोगरे से 4.13 लाख रुपये छलपूर्वक प्राप्त किए। इस तरह कुल 60 लाख 70 हजार रुपये की धोखाधड़ी की गई।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी व एसडीओपी प्रियंका करचाम के मार्गदर्शन में गठित टीम ने आरोपी को इंदौर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी द्वारा फर्जी म्यूचुअल फंड पॉलिसियां बनाकर रकम अपने खातों में जमा कराने की बात सामने आई है। खाते की जांच में 5 करोड़ 73 लाख रुपये से अधिक का लेनदेन पाया गया।
पुलिस अन्य आरोपियों व खातों की जांच कर रही है। साथ ही जनता से अपील की है कि कम समय में पैसा दोगुना करने के लालच से बचें।
