
नयी दिल्ली, 02 सितंबर (वार्ता) दिल्ली सरकार ने नियमित जांच के दौरान 65 लाख रुपये मूल्य की अवैध सिगरेट ले जा रहे एक वाहन को यहां जब्त कर लिया। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि यह खेप व्यापार और कर विभाग की कर चोरी विरोधी शाखा की टीम की रात्रि छापेमारी में पकड़ी गयी है। वाहन में दक्षिण कोरिया की आयातित सिगरेट के चार लाख से अधिक पैकेट ले जाये जा रहे थे, जिसे अक्सर तस्करी के जरिये भारतीय बाजार में लाया जाता है। यह भारत में बेचे या वितरित किये जाने वाले तंबाकू उत्पादों पर लागू कानूनी मानकों का उल्लंघन था।
अधिकारियों ने बताया कि सिगरेट के पैकेटों के मुख्य भाग पर निर्धारित सचित्र स्वास्थ्य चेतावनी अंकित नहीं थी। ‘सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम, 2003’ के अनुसार भारत में बिक्री और वितरण के लिए सिगरेट या तंबाकू उत्पादों के प्रत्येक पैकेज पर निर्दिष्ट स्वास्थ्य चेतावनियां और सचित्र लेबल प्रदर्शित करना अनिवार्य है। यह कानून घरेलू और आयातित दोनों प्रकार के तंबाकू उत्पादों पर लागू होता है। अवैध आयातित सिगरेटों की जब्ती पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, “दिल्ली सरकार कर चोरी, माल की अवैध आवाजाही और तंबाकू उत्पादों के अवैध व्यापार के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगी।” उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई जीएसटी अधिनियम, 2017 के प्रावधानों के तहत की गयी है।
