माॅस्को, 21 जुलाई (वार्ता) पोलैंड ने यूक्रेन में कथित रूसी गतिविधियों के बीच अपनी और सहयोगी वायु सेनाओं को सक्रिय कर दिया है।
पोलिश सशस्त्र बल परिचालन कमान ने कहा है कि उनके देश और सहयोगी वायु सेनाओं ने अभियान शुरू कर दिया है और वायु रक्षा और रडार टोही प्रणालियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। पोलिश सेना का दावा है कि इन कदमों का उद्देश्य ‘असुरक्षित क्षेत्रों’ की सीमा से लगे क्षेत्रों में सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
बयान में कहा गया है, ‘सशस्त्र बलों की परिचालन कमान मौजूदा स्थिति पर नज़र रख रही है और उसकी फौज तत्काल प्रतिक्रिया देने के लिए पूरी तरह तैयार है।’
गौरतलब है कि हाल के वर्षों में, रूस अपनी पश्चिमी सीमाओं के पास नाटो की गतिविधियों की बात कहता आया है। रूस ने यूरोपीय गठबंधन सेनाओं को लेकर बार-बार चिंता व्यक्त की है। रूस ने कहा कि वह किसी को धमकी नहीं दे रहा है, लेकिन अपने हितों के लिए संभावित रूप से ख़तरनाक कार्रवाइयों को नज़रअंदाज़ भी नहीं करेगा। उधर नाटो अपनी पहल का विस्तार कर रहा है और कथित ‘रूसी आक्रमण को रोकने’ की बात कह रहा है।
