
जबलपुर। जीआरपी जबलपुर ने मोबाइल चोरी के मामले में आरोपी दीपक लीलानी उर्फ देव उर्फ दाऊ (20), निवासी कैरिन लाइन, माधवनगर, कटनी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने जबलपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-6 पर गोंडवाना एक्सप्रेस में यात्री की जेब से करीब 28 हजार रुपए का रियलमी मोबाइल चोरी करना स्वीकार किया। इसके अलावा सिहोरा स्टेशन पर सो रहे यात्री की जेब से करीब 17,300 रुपए का मोटोरोला मोबाइल चोरी करने की वारदात भी कबूल की, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने रीवा शटल में यात्री से बातचीत के जरिए दोस्ती बढ़ाकर मोबाइल चोरी करने और आधारताल स्टेशन पर उतरने के बाद यूपीआई से 20 हजार रुपए का ट्रांजेक्शन करने की बात भी सामने आई है। इस मामले में आईटी एक्ट की धाराओं में जांच जारी है। जीआरपी ने आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
