
जबलपुर। मध्यप्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो चुका है, सत्र के दूसरे दिन विधानसभा में फायर सेफ्टी एक्ट लाया जा रहा है। पिछले लंबे समय से सदन में फायर सेफ्टी एक्ट को लेकर अपनी बात रख रहे जबलपुर उत्तर मध्य विधानसभा के विधायक डॉ अभिलाष पाण्डेय ने मंगलवार को फायरमैन के गेट अप में विधानसभा में प्रवेश करके फायर सेफ्टी एक्ट लाने के लिए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव एवं नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को धन्यवाद ज्ञापित किया एवं लोगों को भी फायर सेफ्टी एक्ट के विषय में जागरूक रहने की अपील की। विदित हो कि फायर सेफ्टी एक्ट केवल एक कानून होने के साथ यह लोगों की जिंदगी बचाने का संकल्प है। यह एक्ट व्यापारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को एक सुरक्षित वातावरण देने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा।
इस दौरान विधायक डॉ अभिलाष पाण्डेय ने बताया कि दिनांक 25 फरवरी 2026 को मैंने विधानसभा में ध्यानाकर्षण के माध्यम से मध्यप्रदेश में फायर सेफ्टी एक्ट लागू करने की आवश्यकता को प्रमुखता से उठाया था। आज यह हम सभी के लिए बेहद खुशी और संतोष का विषय है कि मध्यप्रदेश की मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव जी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार इस महत्वपूर्ण एक्ट को लागू करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
जबलपुर सहित पूरा महाकौशल है व्यापारिक केंद्र
जबलपुर विधानसभा सहित पूरा महाकौशल क्षेत्र एक बड़ा व्यापारिक केंद्र है, जहां हजारों व्यापारी, कर्मचारी और आम नागरिक रोजाना अपने काम के लिए आते-जाते हैं। यहां अनेक बड़े-छोटे प्रतिष्ठान हैं, जहां सुरक्षा की दृष्टि से फायर सेफ्टी के मजबूत इंतजाम होना बेहद जरूरी है। दुर्भाग्यवश अतीत में कुछ स्थानों पर हुई अग्नि दुर्घटनाओं ने हमें यह सोचने पर मजबूर किया कि लोगों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाना समय की सबसे बड़ी जरूरत है।
