
इंदौर. जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पूरे देश में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं. भारत सरकार के निर्देश पर शॉर्ट टर्म, मेडिकल या टूरिज्म वीजा पर आए पाकिस्तानियों को चिह्नित कर देश से बाहर भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. इंदौर में भी पुलिस ने सक्रियता बढ़ाते हुए कार्रवाई तेज कर दी है.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पासपोर्ट सेक्शन की टीम ऐसे सभी पाकिस्तान नागरिकों से संपर्क कर रही है जो शॉर्ट टर्म वीजा, मेडिकल वीजा या टूरिस्ट वीजा के तहत इंदौर आए हैं. सूची तैयार कर उन्हें वापस भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है. अपर पुलिस आयुक्त अमित सिंह ने बताया, पहलगाम घटना के बाद भारत सरकार से स्पष्ट निर्देश मिले हैं कि जो पाकिस्तानी नागरिक शॉर्ट टर्म, मेडिकल या टूरिज्म वीजा पर आए हैं, उन्हें चिह्नित कर 27 अप्रैल तक वापस भेजा जाए। इंदौर में ऐसे नागरिकों की पहचान कर ली गई है और उनसे संपर्क किया जा रहा है. कानून व्यवस्था को देखते हुए संख्या गोपनीय एडिशनल सीपी अमित सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि सुरक्षा कारणों से अभी चिह्नित लोगों की संख्या का खुलासा नहीं किया जाएगा. वहीं जो नागरिक लॉन्ग टर्म वीजा पर हैं, उन्हें इस प्रक्रिया से अलग रखा गया है. मेडिकल वीजा पर आए नागरिकों को 29 अप्रैल तक वापस लौटने का समय दिया गया है. पासपोर्ट सेक्शन प्रभारी एडिशनल डीसीपी प्रियंका धुर्वे इस पूरी प्रक्रिया का नेतृत्व कर रही हैं.
एक्जिट परमिशन लेना अनिवार्य
सभी पाकिस्तान नागरिकों को कहा गया है कि वे समयसीमा के भीतर एक्जिट परमिशन प्राप्त करें और निर्धारित तिथि तक भारत छोड़ दें. प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए पासपोर्ट विभाग लगातार संबंधित लोगों से समन्वय कर रहा है.
