
छिंदवाड़ा। शहर के युवाओं में घातक हथियार रखने का शौक सर चढ़ कर बोल रहा है. इस शौक ने कई युवकों का जीवन खराब कर दिया है. पूर्व में भी शहर के कई युवक पिस्टल रखने के आरोप में पकड़ा चुके है. एक बार फिर से पुलिस ने पिस्टल की खरीद फरोत करने के मामले में दो युवक को गिरफ्तार कर उनके पास से देशी पिस्टल जब्त किया है. आज प्रेसवर्ता के दौरान देहात थाना प्रभारी गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि आज मुखबिर द्वारा पुलिस को सूचना मिली कि रोहना बायपास में एक युवक खड़ा हुआ है उसके पास पिस्टल रखी हुई है वह युवक किसी अन्य युवक को वह पिस्टल बेचने वाला है. उक्त बात की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम रोहना बायपास पहुंची जहां पुलिस ने थाना मोहखेड़ के ग्राम मऊ निवासी अंकित पिता रामेश्वर झिनझोनकर 23 वर्ष को हिरासत में लेकर उसकी तलाशी ली तो उसके पास से एक देशी पिस्टल बरामद हुई. पुलिस ने अंकित को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की तो अंकित झिनझोनकर ने पुलिस को बताया कि उसने यह पिस्टल शहर के पंचशील कॉलोनी निवासी हर्ष उर्फ अनुराग पिता मनीष तिवारी 23 वर्ष से अक्टूबर 2024 में 18000 हजार रुपए में खरीदा था. उक्त जानकारी के बाद पुलिस ने हर्ष उर्फ अनुराग तिवारी को गिरफ्तार कर लिया और दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है. श्री राजपूत ने बताया कि अंकित झिनझोनकर भोपाल में रहकर फार्मेसी का कोर्स किया हुआ है.जब वह पढ़ाई कर रहा था तब उसने कॉलेज से मिलने वाली छात्रवृत्ती की राशि से रुपए जोड़ जोड़ कर हर्ष तिवारी से पिस्टल खरीदा था.
खरगोन के व्यक्ति से खरीदी थी पिस्टल
पंचशील कॉलोनी निवासी हर्ष उर्फ अनुराग तिवारी से पुलिस ने पिस्टल के विषय में पूछताछ की तो हर्ष उर्फ अंकित ने पुलिस को बताया कि उसने पिस्टल खरगोन के व्यक्ति से पिस्टल 15000 रुपए में खरीदा था और फिर उस पिस्टल को 18000 रुपए में अंकित झिनझोनकर को बेच दिया था.
हर्ष के खिलाफ हत्या और पिस्टल बेचने के मामले है दर्ज
पुलिस ने बताया कि हर्ष उर्फ अनुराग तिवारी अपराधिक प्रवत्ति का है. हर्ष उर्फ अनुराग तिवारी के खिलाफ पूर्व में मारपीट, हत्या , पिस्टल बेचने के मामले थाने में दर्ज है. कोतवाली पुलिस ने अक्टुबर माह में भी उसे पिस्टल खरीदी बिक्री के आरोप में गिरफ्तार किया था. पुलिस ने बताया कि हर्ष उर्फ अनुराग हत्या के मामले में नरसिंहपुर जेल में बंद था दो माह पूर्व ही वह जमानत पर छूटकर छिंदवाड़ा आया है.
कार्रवाई में रही महत्वपूर्ण भूमिका
देशी पिस्टल के मामले में दो युवकों को गिरफ्तार में देहात थाना प्रभारी गोविंद सिंह राजपूत, सउनि. संदीप सिंह राजपूत, आरक्षक सौरभ बघेल, आर. बृजेश पाल, सायबर सेल से प्रआर. नितिन, आर. आदित्य की विशेष भूमिका रही है. पुलिस अधीक्षक ने टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है.
