
गुना जिले के म्याना थाना क्षेत्र में एक किसान की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक म्याना निवासी अशोक पुत्र हमीर सिंह कुशवाह (42) का शव गुरुवार सुबह इलाके के किसानों ने देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौका मुआयना किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। बताया जा रहा है कि अशोक कुशवाह ने म्याना और सिलावटी के बीच स्थित एक खेत बटिया पर लिया था, जिस पर वह खेती कर रहे थे। बुधवार को उनके परिजन कहीं बाहर गए थे और अशोक अपने खेत पर ही मौजूद थे। अचानक उनका शव मिलने से सनसनी फैल गई है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि अशोक कुशवाह की मौत दुर्घटना की वजह से हुई है या फिर उन्होंने आत्महत्या की है। दरअसल, अशोक कुशवाह ने जिस खेत को बटिया पर लिया था वह रेलवे पटरी के नजदीक स्थित है। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि मवेशी भगाने या किसी अन्य काम से अशोक रेलवे पटरी पार कर रहे होंगे तभी ट्रेन की चपेट में आ गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
