नयी दिल्ली, 11 मार्च (वार्ता) फिनटेक मंच सीआरईडी को भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) से भुगतान एग्रिगेटर ( भुगतान सुविधा जोड़ने वाले मंच) के रूप में परिचालन करने की अंतिम अनुमति मिल गयी है।
सीआरईडी की ओर से बुधवार को जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है , ‘यह मंजूरी कंपनी की संचालन व्यवस्था, सुरक्षा उपायों और मजबूत निदेशन प्रणाली पर ( केंद्रीय बैंक के) भरोसे को दर्शाती है।’ इस स्वीकृति के बाद ड्रीमप्लग पेमेंटटेक सोल्यूशन्स प्रा.लि.( सीआरईडी की संचालक कंपनी) को नियामक (आरबीआई) के सीधे पर्यवेक्षण में भुगतान प्रणाली का परिचालन कर सकेगी।
इस लाइसेंस के तहत सीआरईडी अब कारोबारियों (मर्चेंट ) को अपने प्लेटफॉर्म पर जोड़ सकेगी, उनके ग्राहकों द्वारा विभिन्न डिजिटल भुगतान माध्यमों से किये जाने वाले भुगतान को जुटा कर उनके खाते में पहुंचा सकेगी और भुगतान के निपटान व रिफंड (वापसी) के काम को भी संभाल सकेगा।
विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘ अब सीआरईडी और इसकी सहायक कंपनियों के पास आरबीआई से प्रीपेड भुगतान उत्पाद के कारोबार का लाइसेंस (पीपीआई) और भुगतान एग्रिगेटर (पीए) का लाइसेंस प्राप्त है। सीआरईडी समूह बीमा और निवेश परामर्श के क्षेत्र में काम करता है।
सीआरईडी के संस्थापक कुणाल शाह ने कहा कि पेमेंट एग्रीगेटर के रूप में मिली यह मंजूरी पूरे इकोसिस्टम में बने विश्वास को दर्शाती है और भारत के सबसे क्रेडिट-योग्य उपभोक्ताओं के लिए वित्तीय प्रगति को सक्षम बनाने के अगले चरण की नींव रखती है।
