नयी दिल्ली, 11 मार्च (वार्ता) उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी ) ने स्टार्टअप इकाइयों को उद्योग जगत से सहयोग दिलाने के अपने कार्यक्रम के तहत टाटा समूह की कंपनी वोल्टास लिमिटेड के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किये हैं। इसके तहत कंपनी कूलिंग और स्मार्ट अप्लायंस इकोसिस्टम में नवाचार के लिए सहयोग को बढ़ावा देगी।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की बुधवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार इस सहयोग का उद्देश्य उन स्टार्टअप्स को बड़े उद्योगों के संपर्क में लाना है जो हीटिंग, वेंटिलेशन और एयर कंडीशनिंग (एचवीएससी), उन्नत कंट्रोल सिस्टम, पावर इलेक्ट्रॉनिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और मशीन लर्निंग आधारित डायग्नोस्टिक्स, इंटरनेट आफ दी थिंग्स (आई-ओ-टी) आधारित स्मार्ट उपकरण, तथा मैन्युफैक्चरिंग और सर्विस ऑपरेशन्स के डिजिटलीकरण जैसी तकनीकों पर काम कर रहे हैं।
इस पहल के तहत डीपीआईआईटी की स्टार्टअप इंडिया पहल और वोल्टास मिलकर भारत स्टार्टअप ग्रैंड चैलेंज के तहत इनोवेशन चैलेंज आयोजित करने और उद्योग से जुड़े समस्या-विषयों पर हैकाथॉन आयोजित करने की संभावनाओं का पता लगाएंगे।
एमओयू पर हस्ताक्षर के अवसर पर डीपीआईआईटी के संयुक्त सचिव संजीव ने कहा कि यह सहयोग उभरती तकनीकों और उन्नत विनिर्माण क्षेत्रों में उद्योग और स्टार्टअप्स के बीच अधिक सहभागिता को बढ़ावा देने के सरकार के प्रयासों के अनुरूप है। उन्होंने कहा कि ऐसे साझेदारी मॉडल स्टार्टअप्स को उद्योग की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप समाधान विकसित और परीक्षण करने के अवसर प्रदान करते हैं।
इस साझेदारी के तहत ऊर्जा-कुशल कूलिंग सिस्टम, एयर-क्वालिटी मॉनिटरिंग और फिल्ट्रेशन टेक्नोलॉजी, उन्नत इन्वर्टर कंट्रोल, प्रेडिक्टिव मेंटेनेंस समाधान, रेफ्रिजरेंट सुरक्षा प्रणाली, इंस्टॉलेशन और सर्विसिंग के लिए डिजिटल टूल जैसे उत्पादों में लगी नवप्रवर्तनकारी इकाइयों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
चयनित स्टार्टअप्स को वोल्टास की इंजीनियरिंग टीमों के साथ व्यवस्थित रूप से अपनी अवधारणा के मसौदे को परखने के लिए प्रूफ-ऑफ-कॉन्सेप्ट (पीओसी) कार्यक्रमों में भाग लेने का अवसर भी मिल सकता है, जिससे उत्पाद सत्यापन और तकनीक के एकीकरण में मदद मिलेगी। इसके अलावा, कंपनी के सर्विस नेटवर्क के माध्यम से फील्ड ट्रायल भी किए जा सकते हैं ताकि समाधानों का परीक्षण और सुधार किया जा सके।
एमओयू पर यहां आयोजित एक कार्यक्रम में डीपीआईआईटी के निदेशक सुमित कुमार जारंगल और वोल्टास लिमिटेड के प्रबंध निदेशक मुकुंदन मेनन ने हस्ताक्षर किये।
