
ब्यावरा। हर बार की तरह प्रदेश में बड़ी घटना के बाद जागे प्रशासन से पहले ही आरोपी जाग गए और कार्यवाही से पहले भाग खड़े हुए. मामला दूधी पर अवैध शराब पर कार्यवाही का है. सागर में अवैध शराब से 11 लोगों की मौत के बाद पुलिस अवैध शराब के खिलाफ अलर्ट पर है. इसी कड़ी में सोमवार शाम ब्यावरा पुलिस ने दूधी और कटारिया खेड़ी गांव में एक साथ छापा मारा. कई थानों के 200 पुलिसकर्मियों की टीम होने के बाद भी कोई भी अवैध शराब कारोबारी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया.
इसके बाद पुलिस ने खेतों और सुनसान इलाकों में चल रही 20 अवैध शराब की भट्ठियां तोड़ दीं. लगभग 1000 लीटर देसी शराब और 80 हजार लीटर कच्चा महुआ लहान नष्ट किया गया. इस कार्रवाई के दौरान 35 पेटी अंग्रेजी शराब भी जब्त की गई.
यह अभियान शाम करीब 4 बजे शुरू हुआ. इसमें ब्यावरा खिलचीपुर, राजगढ़, करनवास, मलावर देहात और सुठालिया समेत कई थानों का पुलिस बल शामिल था. दूधी में एसडीओपी प्रकाश शर्मा ने कार्रवाई की कमान संभालीए जबकि कटारिया खेड़ी में खिलचीपुर एसडीओपी डीडीएस नागर की देखरेख में पुलिस टीम ने काम किया.
