
रीवा, मऊगंज जिले की हनुमना पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार 2.0 के तहत अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 29 शीशी प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप (कोरेक्स/आनरेक्स), एक पल्सर मोटरसाइकिल और एक एंड्रॉयड मोबाइल जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 1.37 लाख रुपए बताई गई है।
थाना प्रभारी हनुमना अनिल काकडे के अनुसार शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक उत्तर प्रदेश के ड्रामनगंज की ओर से पल्सर बाइक पर नशीली कफ सिरप लेकर मध्य प्रदेश सीमा में प्रवेश करने वाले हैं। सूचना मिलते ही हनुमना थाना पुलिस ने डीपी होटल के पास घेराबंदी की। कुछ देर बाद संदिग्ध बाइक को रोककर तलाशी ली गई। आरोपियों के पास मौजूद काले रंग के बैग से 29 शीशी नशीली कफ सिरप बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज शुक्ला (19) निवासी बैरिहा थाना शाहपुर और कुलदीप मिश्रा उर्फ प्रभात (24) निवासी खटखरी थाना शाहपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8, 21, 22, 25, मध्य प्रदेश ड्रग कंट्रोल एक्ट की धारा 5/13 तथा बीएनएस की धारा 111(1) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नशीली कफ सिरप कहां से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार 2.0 के तहत की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल काकड़े के नेतृत्व में उप निरीक्षक रामदीन सिंह सहित हनुमना थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
