जैन साधुओं के साथ हुए दुर्व्यवहार के मामले में छह आरोपी गिरफ्तार

नीमच, 14 अप्रैल (वार्ता) मध्यप्रदेश के नीमच जिले के सिंगोली थाना क्षेत्र में जैन साधुओं के साथ कल रात हुए दुर्व्यवहार के मामले में पुलिस ने एक नाबालिग सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सिंगोली क्षेत्र के कछाला गांव के पास स्थित एक मंदिर पर विश्राम के दौरान जैन साधुओं के साथ कुछ लोगों द्वारा दुर्व्यवहार किया गया। घटना की सूचना मिलते ही जिला और पुलिस प्रशासन द्वारा त्‍वरित कार्यवाही कर अपराध पंजीबद्ध कर सभी आरोपियों को देर रात गिरफ्तार कर लिया गया।
जिला कलेक्‍टर हिमांशु चंद्रा और पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने आज सिंगोली पहुंचकर स्‍नाथक भवन में जैन साधुओं से भेटकर उनकी कुशलक्षेम पूछी। उन्होंने घटना की निंदा करते हुए जैन समाज के प्रबुद्धजनों को आरोपियों के विरूद्ध सख्‍त कार्यवाही करने का विश्‍वास दिलाया। श्री चंद्रा ने कहा कि जैन साधु यदि किसी भी गांव में विश्राम करेंगे, तो उनकी सुरक्षा की जिम्‍मेदारी सरपंच एवं सचिव की रहेगी। वे जैन साधुओं के गांव में पहुंचने की सूचना पुलिस एवं प्रशासन को तत्‍काल देंगे।
इस मामले में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने एक्स के माध्यम से कहा कि कछाला में जैन साधुओं के साथ हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना की जानकारी मिली है। मैने इसकी जानकारी मुख्यमंत्री डॉ़ मोहन यादव को दी है। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों से भी चर्चा की है। नीमच प्रशासन द्वारा छह बदमाशों को हिरासत में लिया गया है। सरकार ने घटना पर त्वरित कार्रवाई की है। इस प्रकार के असामाजिक तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा।

Next Post

यादव ने ‘संविधान का महाकुंभ’ कार्यक्रम में सहभागिता कर दिलायी शपथ

Mon Apr 14 , 2025
महू, 14 अप्रैल (वार्ता) संविधान निर्माता एवं भारत रत्न डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती के मौके पर आज मध्यप्रदेश के इंदौर जिले के महू (अंबेडकर नगर) में ‘संविधान का महाकुंभ’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सहभागिता की और उपस्थित नागरिकों को संवैधानिक मूल्यों की […]

You May Like