सांसद खेल महोत्सव: 11 खेल में 8 हजार खिलाड़ी होंगे शामिल

सतना : सांसद खेल महोत्सव 2025 का शुभारंभ आज से होने जा रहा है. बुधवार की सुबह 11 बजे उस्ताद अलाउद्दीन खां स्टेडियम मैहर और दोपहर 2 बजे से सरदार बल्लभ भाई पटेल स्टेडियम प्रिज्म जानसन लिमिटेड मनकहरी रामपुर बघेलान में इस आयोजन का शुभारंभ होगा. लगभग महीने भर तक जारी रहने वाली इन खेल गतिविधियों में जहां 11 प्रकार के खेलों का आयोजन होगा, वहीं इसमें सतना और मैहर जिले के लगभग 8 हजार खिलाड़ी सम्मिलित होंगे.

सतना लोकसभा क्षेत्र के सांसद गणेश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सांसद खेल महोत्सव में कुल 11 प्रकार के खेल होंगे. जिसमें वालीबाल, फुटबाल, कबड्डी पुरुष-महिला, खो-खो पुरुष-महिला, बास्केटबाल पुरुष-महिला, रस्साकसी, टेनिस बाल क्रिकेट, टेनिस बाल क्रिकेट दिव्यांग, ट्रायसाइकिल रेस दिव्यांग, पुरुष कुश्ती और एथलेटिक्स के 10 इवेंट शामिल हैं. इन खेलों के आयोजन दादा सुखेंद्र सिंह स्टेडियम जवाहर नगर सतना, थाना परिसर अमरपाटन, ठाकुर रणमत सिंह स्टेडियम कोठी, आजाद मैदान रामनगर, रेस्ट हाउस मैदान उचेहरा, रावना मेला मैदान नागौद, क्रिकेट स्टेडियम धवारी, सरदार बल्लभ भाई पटेल स्टेडियम प्रिज्म जानसन लिमिटेड मनकहरी, बाबा अलाउद्दीन खां स्टेडियम मैहर और गैवीनाथ खेल स्टेडियम बिरसिंहपुर में होंगे.

26 नवंबर से आरंभ होने के बाद खेल के प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं फाइनल चरण होंगे. वहीं सांसद खेल महोत्सव के समापन की संभावित तिथि 25 दिसंबर के आस पास रहेगी. सांसद खेल महोत्सव का समापन शहर के दादा सुखेंद्र सिंह स्टेडियम में होगा. सांसद श्री सिंह ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि कुल 11 प्रकार के खेलों के लिए आयोजन स्थलों की संख्या 10 रखी गई है. इस खेल महोत्सव में भाग लेने वाली संभावित टीमों की संख्या जहां 596 है, वहीं इसमें लगभग 7 हजार 963 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे.
 सांसद ट्रॉफी बन गया महोत्सव
सांसद श्री सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि उनके द्वारा वर्ष 2011-12 में पहली बार सांसद खेल ट्रॉफी का आरंभ किया गया था. वर्ष 2014 में जब नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बने, तो उन्होंने सभी सांसदों से उनके संसदीय क्षेत्र में विभिन्न प्रकार की गतिविधियों के बारें में जानकारी ली. जब उन्होंने से सतना लोकसभा क्षेत्र में सांसद खेल ट्रॉफी के आयोजन के बारे में बताया तो प्रधानमंत्री ने इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधि तो देश के सभी लोकसभा क्षेत्रों में होनी चाहिए. जिसकी परिणिति देश के सभी संसदीय क्षेत्र में सांसद खेल महोत्सव के रुप में देखने को मिल रही है.

Next Post

पीलिया से ग्रसित हुए निजी कॉलेज के छात्र

Wed Nov 26 , 2025
सीहोर. जिले के ग्राम कोठरी स्थित निजी कॉलेज में कई बच्चों के बीमार होने की जानकारी मिली है. इन बच्चों को पीलिया और वायरल फीवर बताया गया है. सावधानी बरतते हुए कॉलेज प्रबंधन ने 23 बच्चों को उनके घर भेज दिया है. इस मामले में कई अभिभावकों ने जिला प्रशासन […]

You May Like