भाजपा 17 सितंबर से चलाएगी सेवा संकल्प अभियान

सतना : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक सेवा में निरंतर 25 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर बीजेपी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर सेवा संकल्प अभियान चलाने जा रही है. लेकिन इस बार जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर इसे पूरे एक माह तक आयोजित करने का निर्णय लिया गया है.पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कांतदेव सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित रहे हैं और बीते एक दशक में उनके नेतृत्व में देश ने गरीब कल्याण, युवा, महिला एवं किसान सशक्तिकरण, स्वास्थ्य तथा आर्थिक एवं वाणिज्यिक क्षेत्र सहित प्रत्येक क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है.

अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर सेवा दिवस के रूप में होगी, जिसके अंतर्गत प्रदेशभर में विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे. उसी दिन शाम 7 बजे प्रदेश के सभी 71,930 बूथों पर पार्टी कार्यकर्ता सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के घर जाकर आशीर्वाद का दीया प्रज्वलित करेंगे. माहभर चलने वाले इस अभियान के अंतर्गत संगठन और शासन स्तर पर कुल 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इसके तहत 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर प्रदेशभर में सघन स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा वहीं 7 अक्टूबर को पूरे प्रदेश में सेवा ज्योति कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें पदयात्रा, साइकिल और बाइक रैलियां शामिल होंगी. इसके अलावा गुजरात के वडनगर से वाराणसी के लिए निकलने वाली 20 जल यात्राओं में से 13 यात्राएं मध्य प्रदेश से होकर गुजरेंगी.

पात्र लोगों को योजनाओं का सीधा लाभ दिलाने के लिए ब्लॉक स्तर पर सेवा सेतु शिविर लगाए जाएंगे तथा 11,404 शक्ति केंद्रों पर लाभार्थियों की कहानियों पर आधारित वीडियो व रील्स साझा की जाएंगी. अभियान के अंतर्गत आशीर्वाद, सेवा मित्र, सेवा स्मरण, आंगन का मिलन, कहानी बदलाव की, सेवा मेरा योगदान, सेवा के रंग, हैकाथॉन एवं इनोवेशन चैलेंज, जनसेवक महाकुंभ तथा 25 साल 25 कहानी जैसे कई अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रम भी आयोजित होंगे. पार्टी ने सेवा मेरा योगदान के तहत आम नागरिकों से भी अभियान के दौरान कम से कम 25 मिनट का श्रमदान करने का आह्वान किया है. पत्रकार वार्ता के दौरान सांसद गणेश सिंह, महापौर योगेश ताम्रकार, जिला अध्यक्ष भगवती पांडेय, प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट दीपक बलेचा, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सुष्मिता सिंह, जिला उपाध्यक्ष ऋषभ सिंह एवं जिला मीडिया प्रभारी अतुल सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे.

Next Post

दस हजार दीपों से जगमगाएगा व्यंकटेश लोक

Tue Sep 15 , 2026
सतना :सेवा समर्पण और जनकल्याण के 25 वर्षों के अवसर पर 17 सितंबर को व्यंकटेश लोक में आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इस अवसर पर व्यंकटेश लोक को 10 हजार दीपों से सजाया जाएगा.आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम का जायजा लेने के लिए सांसद गणेश सिंह, महापौर योगेश कुमार […]

You May Like