नई दिल्ली, 12 दिसंबर (वार्ता) जनता दल (यूनाइटेड) की दिल्ली प्रदेश इकाई ने इस केन्द्र शासित क्षेत्र में पांच लाख नये सक्रिय सदस्य जोड़ने के लिए विशेष सदस्यता अभियान शुरू किया है और पांच नये पदाधिकारियों की नियुक्ति की है।
जद यू की दिल्ली प्रदेश कार्यालय ने एक विज्ञप्ति में यह जानकारी देते हुए कहा कि इस अभियान का शुभारंभ जंतर मंतर स्थित राज्य इकाई के कार्यालय पर प्रदेश अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार की उपस्थिति में समारोह पूर्वक किया गया। कार्यक्रम के दौरान दिल्ली में पांच लाख नए सदस्य को जोड़ने के लक्ष्य के प्रति कार्यकर्ताओं से संकल्प करवाया गया।
विज्ञप्ति के अनुसार इस अवसर पर राजनीतिक दलों से आये लगभग 500 नए लोगों ने जद यू के नेता और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विचारों, सिद्धांतों और विकासवादी सोच से प्रेरित होकर जदयू की सदस्यता ग्रहण की।
महा सदस्यता अभियान के दौरान संगठन को और अधिक सक्रिय और मजबूत बनाने की दिशा में पाँच नए प्रदेश पदाधिकारियों की नियुक्ति भी की गयी। इनमें श्री राहुल कुमार को दिल्ली प्रदेश जद (यू) का प्रधान महासचिव, सर्वेश कश्यप को प्रदेश महासचिव, ब्रज किशोर को युवा प्रभाग का प्रदेश अध्यक्ष, अनिल कुमार झा को पूर्वांचल मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष तथा दिग्विजय सिंह चौहान को आईटी सेल का प्रदेश महासचिव मनोनीत किया गया है।
जदयू के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पार्टी श्री नीतीश कुमार के विचारों और नीतियों से प्रेरित होकर समाज के हर वर्ग के हित में कार्य कर रही है।
υ
जद यू ने दिल्ली में शुरू किया सदस्यता अभियान, पांच लाख नये सदस्य जोड़ने का लक्ष्य
