मुंबई 28 मई (वार्ता) सार्वजनिक क्षेत्र की इस्पात कंपनी स्टील ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (सेल) ने वित्त वर्ष 2024-25 की अंतिम तिमाही में 1,250.98 करोड़ रुपये का एकल शुद्ध लाभ कमाया है जो वित्त वर्ष 2023-24 की जनवरी-मार्च तिमाही के 1,125.68 करोड़ रुपये के शुद्ध लाभ की तुलना में 11 प्रतिशत अधिक है।
सेल ने बुधवार को शेयर बाजारों को मार्च तिमाही के वित्तीय नतीजों की जानकारी दी। आलोच्य अवधि में सेल का परिचालन राजस्व बढ़कर 29,316.14 करोड़ रुपये हो गया जो पिछले साल की समान तिमाही में 27,958.52 करोड़ रुपये था।
समीक्षाधीन तिमाही में व्यय 28,020.56 करोड़ रुपये रहा, जबकि वित्त वर्ष 2024 की चौथी तिमाही में यह 26,473.86 करोड़ रुपये था।
सेल का वित्त वर्ष 2024-25 में शुद्ध लाभ घटकर 2,371.80 करोड़ रुपये रहा जो वित्त वर्ष 2023-24 में 3,066.67 करोड़ रुपये था।
कंपनी के निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए 10 रुपये के प्रत्येक शेयर पर 1.60 रुपये का अंतिम लाभांश देने की सिफारिश की है।
सेल के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक अमरेंदु प्रकाश ने कहा, ‘‘हमारे नवीनतम वित्तीय परिणाम परिचालन दक्षता, सतत वृद्धि और हितधारकों के लिए मूल्य सृजन के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हैं। पिछली तिमाही में मौजूद अंतरराष्ट्रीय शुल्क और आयात दबाव से उत्पन्न चुनौतियों के बीच, हमारा मजबूत प्रदर्शन हमारी स्थिति को मजबूत करते हुए जटिलताओं से निपटने की हमारी क्षमता को दर्शाता है।’’
