बैतूल में जल्द बनेगा आधुनिक फायर स्टेशन, ई-चार्जिंग स्टेशन और ISBT

बैतूल। शहर में अब विकास की नई सौगात मिलने जा रही है। जिला प्रशासन ने करबला रोड के पास करीब 4 एकड़ जमीन फायर स्टेशन, ई-चार्जिंग स्टेशन और आईएसबीटी बस स्टैंड के निर्माण के लिए नगर पालिका को आवंटित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इन परियोजनाओं के लिए 15वें वित्त आयोग से लगभग 2 करोड़ रुपए का बजट स्वीकृत हो चुका है।

फिलहाल नगर पालिका के पास दो बड़ी और एक छोटी फायर ब्रिगेड है, जिन्हें जगह की कमी के कारण नगरपालिका परिसर में ही खड़ा किया जाता है। कर्मचारियों के लिए अलग कमरे या विश्राम की कोई व्यवस्था नहीं है। नए फायर स्टेशन के बन जाने से यह समस्या खत्म होगी और शहरी ही नहीं, ग्रामीण क्षेत्रों को भी लाभ मिलेगा।

नया फायर स्टेशन दो मंजिला भवन के रूप में तैयार किया जाएगा, जिसमें कार्यालय, कंट्रोल रूम, कर्मियों के लिए आवास और वाहनों के लिए हाई टेंट की व्यवस्था होगी। यहां 70 मीटर ऊंचाई तक आग बुझाने में सक्षम हाइड्रोलिक प्लेटफार्म भी रहेगा। इसके साथ ही फायर फाइटर्स को आधुनिक उपकरणों से लैस करने और प्रशिक्षण देने की योजना भी है।

नगर पालिका सीएमओ सतीश मटसेनिवा के अनुसार, फायर स्टेशन, ई-चार्जिंग स्टेशन और आईएसबीटी बस स्टैंड के लिए जमीन आवंटन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। भोपाल से मंजूरी मिलते ही तीनों परियोजनाओं पर काम शुरू कर दिया जाएगा।

शहर के बीचों बीच आधुनिक फायर स्टेशन के बनने से आगजनी की घटनाओं पर त्वरित नियंत्रण पाया जा सकेगा, साथ ही शहर का यातायात और आपात सेवा ढांचा और मजबूत होगा।

Next Post

मंगोलिया के प्रधानमंत्री ज़ंदनशतर गोम्बोजाव को हटाने के प्रस्ताव को मंजूरी

Fri Oct 17 , 2025
उलानबटार, 17 अक्टूबर (वार्ता) मंगोलिया की संसद स्टेट ग्रेट खुराल ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री ज़ंदनशतर गोम्बोजाव को हटाने के प्रस्ताव पर चर्चा करने के बाद उसे मंज़ूरी दे दी। संसद में चर्चा से पहले संसद की स्थायी समिति ने 16 अक्टूबर को इस प्रस्ताव पर चर्चा की थी लेकिन इसने […]

You May Like