सिंहस्थ 2028 में 30 करोड़ श्रद्धालुओं की सुरक्षा की कमान राकेश गुप्ता के हाथ में होगी

उज्जैन: गुरुवार को राज्य शासन ने आईपीएस के तबादले किए है इस श्रृंखला में उज्जैन एडीजी पद पर राकेश गुप्ता को पदस्थ किया गया और यहां पर सेवाएं दे रहे उमेश जोगा को परिवहन विभाग में आयुक्त के पद पर भेजा गया है, राकेश गुप्ता पहले भी उज्जैन में एसपी और डीआईजी पद पर रह चुके हैं.सिंहस्थ 2028 के मद्देनज़र राज्य सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उज्जैन जोन में एक अनुभवी, गंभीर और त्वरित निर्णय लेने वाले वरिष्ठ अधिकारी की तैनाती की है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर 1999 बैच के भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी राकेश गुप्ता को उज्जैन जोन का अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया गया है.
सिंहस्थ की तैयारी के लिए भेजा
सिंहस्थ 2028 में अनुमानित 30 करोड़ श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए यह फैसला अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है. उज्जैन मुख्यमंत्री का गृह नगर होने के साथ-साथ महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग और सिंहस्थ जैसी विश्वस्तरीय धार्मिक आयोजन की भूमि है. ऐसे में सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन और तकनीकी निगरानी को लेकर शासन किसी भी प्रकार की चूक नहीं चाहता.
सिंहस्थ में डीआईजी रहे हैं गुप्ता
राकेश गुप्ता को उज्जैन की भौगोलिक, सामाजिक और प्रशासनिक परिस्थितियों का गहरा अनुभव है. वे पूर्व में उज्जैन के पुलिस अधीक्षक रह चुके हैं, सिंहस्थ 2016 के दौरान डीआईजी के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं और प्रभारी आईजी के दायित्व का भी निर्वहन कर चुके हैं. इसके अलावा वे विभिन्न जिलों में एसपी, डीआईजी और आईजी जैसे अहम पदों पर सेवाएं दे चुके हैं.
मुख्यमंत्री को ओएसडी भी रहे
दिसंबर 2021 में उन्हें आईजी इंदौर ग्रामीण बनाया गया था, इसके बाद वे इंदौर के पुलिस कमिश्नर भी रहे. अक्टूबर 2024 में उन्हें मुख्यमंत्री का ओएसडी नियुक्त किया गया था. दिसंबर 2023 में एडीजी रैंक पर पदोन्नति के बाद वे खेल एवं युवा कल्याण विभाग के निदेशक के रूप में कार्यरत थे. विशिष्ट सेवाओं के लिए उन्हें राष्ट्रपति पुलिस पदक से भी सम्मानित किया जा चुका है.
महाकाल की कृपा से मिली उज्जैन की जिम्मेदारी
उज्जैन जोन में नई जिम्मेदारी संभालने से पहले राकेश गुप्ता ने कहा कि बाबा महाकाल ने फिर से सेवा का अवसर दिया है और वे जल्द ही कार्यभार ग्रहण करेंगे. सिंहस्थ 2028 के लिए सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से सुसज्जित किया जाएगा. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित निगरानी, व्यापक सीसीटीवी नेटवर्क, आधुनिक उपकरण और डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम पर काम किया जाएगा. साथ ही पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाने और उन्हें बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान रहेगा, ताकि वे श्रद्धालुओं को बेहतर सेवाएं दे सकें.
क्राउड मैनेजमेंट पर रहेगा फोकस
सबसे अधिक समस्या भीड़ नियंत्रण को लेकर है प्रतिदिन उज्जैन में 2 लाख लोग दर्शन के लिए देश-विदेश से आ रहे हैं ऐसे में सिंहस्थ 2028 के तहत नए सिरे से एडीजी राकेश गुप्ता को प्लान करना है ताकि सुविधाजनक दर्शन पूजन स्नान हो सके. इससे सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत होगी और देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम वातावरण मिल सकेगा

Next Post

निगमायुक्त ने भागीरथपुरा में नर्मदा और ड्रेनेज लाइन कार्य का किया मौका निरीक्षण

Fri Jan 30 , 2026
इंदौर:नगर निगम आयुक्त ने आज सुबह सुबह भागीरथपुरा का दौरा किया. दौरे में आयुक्त ने क्षेत्र में नर्मदा और ड्रेनेज लाइन के कामों का मौका निरीक्षण किया. अधिकारियों को निर्देश दिए है कि समय सीमा के साथ कार्य की गुणवत्ता विशेष ध्यान रखा जाए.आज सुबह करीब 6.30 बजे नगर आयुक्त […]

You May Like