इंदौर:नगर निगम आयुक्त ने आज सुबह सुबह भागीरथपुरा का दौरा किया. दौरे में आयुक्त ने क्षेत्र में नर्मदा और ड्रेनेज लाइन के कामों का मौका निरीक्षण किया. अधिकारियों को निर्देश दिए है कि समय सीमा के साथ कार्य की गुणवत्ता विशेष ध्यान रखा जाए.आज सुबह करीब 6.30 बजे नगर आयुक्त क्षितिज सिंघल द्वारा भागीरथपुरा क्षेत्र का निरीक्षण किया गया. आयुक्त ने मौका निरीक्षण में भागीरथपुरा क्षेत्र के तारा मेडिकल, नई बस्ती, एमआर- 4 रोड तथा मंदिर क्षेत्र में नर्मदा और ड्रेनेज लाइन कार्यों को देखा.
आयुक्त सिंघल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लाइनों का निर्माण कार्य शर्तों में निहित मापदंडों के साथ समय सीमा में पूरा करने का लक्ष्य रखे. इसके साथ कार्यस्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग एवं चेतावनी संकेतक अनिवार्य रूप से लगाए. निरीक्षण के दौरान आयुक्त द्वारा क्षेत्रीय रहवासियों से बातचीत भी की. उन्होंने रहवासियों से पेयजल आपूर्ति एवं नगर निगम द्वारा टैंकर से जलप्रदाय व्यवस्था का फीडबैक लिया. आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जब तक स्थायी जल आपूर्ति व्यवस्था शुरू नहीं हो जाती, तब तक क्षेत्र में नियमित रूप से टैंकरों के माध्यम से निरंतर जल उपलब्ध कराया जाए.
मलबा हटाने के निर्देश
इसके बाद आयुक्त सिंघल ने पिछले दिनों संगम नगर झोनल कार्यालय के पास स्थित पेयजल टंकी हटाने का स्थल निरीक्षण किया. साथ ही तोड़ी गई टंकी का मालवा हटाकर सफाई के निर्देश दिए गए. निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त आशीष पाठक, कार्यपालन यंत्री अश्विन जनवदे,लक्ष्मीकांत वाजपेई, झोनल अधिकारी आनंद रैदास सहित निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे.
