
जबलपुर। अधारताल थाना अंतर्गत जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय में नौकरी दिलाने के नाम पर एक युवती के साथ दुराचार किया गया। मामले में पुलिस ने यूडीसी और प्यून को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि तिलवारा निवासी 22 वर्षीय युवती ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि सोशल मीडिया के जरिए उसे जानकारी मिली थी कि जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय में संविदा आधार पर नौकरी के लिए कुछ पद निकले हैं। जानकारी के बाद युवती ने विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर संपर्क नंबर तलाश किया जहां उसे कुलगुरु कार्यालय का टेलीफोन नंबर मिला। जब युवती ने इस नंबर पर कॉल किया तो फोन यूडीसी (अपर डिवीजन क्लर्क) दुर्गाशंकर सिंगरहा 58 वर्ष ने रिसीव किया था। 25 दिसंबर की दोपहर दुर्गाशंकर ने उसे विश्वविद्यालय बुलाया और जल्द ही इंटरव्यू होने का झांसा दिया। युवती विश्वविद्यालय के कैंपस स्थित कृषि नगर कॉलोनी पहुंची। दुर्गाशंकर ने युवती को कॉल कर प्यून मुकेश सेन के घर पर बुलाया। मुकेश सेन बाहर निकल गया और कमरे का दरवाजा बंद कर दिया था। उसके बाद दुर्गाशंकर ने जबरन युवती से दुष्कर्म किया। उसके बाद युवती थाने पहुंची और पुलिस को आपबीती सुनाई। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
