
इंदौर। आज सुबह जिला प्रशासन और नगर निगम ने संयुक्त रूप से 80 करोड़ रुपए बाजार मूल्य की सरकारी जमीन अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। उक्त सरकारी जमीन खजराना में 100 बिस्तरों वाले हॉस्पिटल की बताई जा रही है। पिछले 15 सालों से उक्त जमीन का खजराना हॉस्पिटल कागजों पर चल रहा था, जिसके मूर्त रूप लेने की संभावना बढ़ गई है।
कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर प्रशासन द्वारा शासकीय भूमि पर अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की मुहिम चलाई जा रही है। इसी क्रम में आज तहसील जूनी इंदौर के ग्राम खजराना स्थित सरकारी जमीन को नगर निगम एवं पुलिस के साथ अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई की गई।
कार्रवाई में खजराना की सरकारी जमीन सर्वे क्रमांक 435/1/1/1, रकबा 1.200 हेक्टेयर पर अतिक्रमण था। उक्त जमीन पर 7 पक्की दुकानें, 2 मकान, 50 से ज्यादा झोपड़ियां एवं अस्थाई टीन शेड बनाकर कब्जा कर रखा था, जिसको आज सुबह हटा दिया गया।
उक्त कार्रवाई से करीब 80 करोड़ रुपए बाजार मूल्य की बेशकीमती जमीन अतिक्रमण से मुक्त कराई गई । अभी तक कागजों पर संचालित अस्पताल का निर्माण होने की संभावना बढ़ गई है। कागजों पर संचालित अस्पताल अब मूर्त रूप ले लेगा तो क्षेत्रवासियों को सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने लगेगी।
उक्त कार्रवाई के दौरान एसडीएम जूनी इंदौर घनश्याम धनगर ,तहसीलदार राकेश सस्तिया, निगम भवन अधिकारी वैभव देवलासे रिमूवल प्रभारी बबलू कल्याने सहित राजस्व विभाग, नगर निगम तथा पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।
