प्रयागराज की तर्ज पर भेड़ाघाट में होगा माघ मास कल्पवास 

जबलपुर। प्रयागराज की परंपरा पर इस वर्ष भी मां नर्मदा के पावन तट भेड़ाघाट स्थित सीताराम आश्रम, सरस्वती घाट में माघ मास कल्पवास का 11वां भव्य आयोजन किया जा रहा है। अखिल भारतीय मां नर्मदा चैतन्य महाप्रभु लोक कल्याण समिति के प्रतिनिधियों ने लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के निवास पर पहुंचकर भावपूर्ण आमंत्रण दिया। इस अवसर पर मंत्री श्री सिंह ने अध्यक्ष श्याम मनोहर पटेल को आश्वस्त किया कि माघ मास कल्पवास में शासन, जनप्रतिनिधि एवं समस्त सनातन समाज का समय-समय पर विशेष सहयोग प्राप्त होगा। गोलोकवासी धर्म सम्राट योगाचार्य डॉ. शिव शंकर पटेल की प्रेरणा से आयोजित इस कल्पवास का नेतृत्व सीताराम आश्रम में रामदूत हनुमान जी महाराज द्वारा किया जाएगा। कल्पवास के दौरान मां नर्मदा महापुराण, श्रीमद् भागवत महापुराण कथा, प्रवचन, यज्ञ, हवन, जप-तप एवं तीन बार स्नान की परंपरा निभाई जाएगी। कठोर साधना के तहत कल्पवासी एक समय भोजन अथवा फलाहार कर भूमि पर शयन करेंगे। नर्मदा पंचकोशी परिक्रमा भेड़ाघाट के संस्थापक पंडित मनमोहन दुबे ने बताया कि शास्त्रों के अनुसार माघ मास में नर्मदा तट पर कल्पवास करने से दुर्लभ पुण्य एवं मोक्ष की प्राप्ति होती है। महाभारत में भी माघ मास कल्पवास को सौ वर्षों की तपस्या के समान फलदायी बताया गया है। इस अवसर पर अध्यक्ष श्याम मनोहर पटेल, उपाध्यक्ष मोहित तिवारी, सचिव सुरेश विश्वकर्मा, सह-सचिव दीपक तिवारी सहित सुरेंद्र गिरी गोस्वामी, नितिन चौबे, मनोहर विश्वकर्मा, अशोक विश्वकर्मा, दुर्गेश पटेल, गणेश विश्वकर्मा, चंद्र कुमार पटेल एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Next Post

ई-टोकन के बाद भी खाद के लिए जद्दोजहद

Fri Dec 26 , 2025
जबलपुर। शहपुरा क्षेत्र में खाद वितरण व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। ई-टोकन प्रणाली लागू होने के बावजूद किसानों को खाद लेने के लिए लंबी लाइनों में खड़ा होना पड़ रहा है। शुक्रवार को सुबह से ही डबल लॉक केंद्रों पर किसानों की भीड़ देखने […]

You May Like