
जबलपुर। शहपुरा क्षेत्र में खाद वितरण व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। ई-टोकन प्रणाली लागू होने के बावजूद किसानों को खाद लेने के लिए लंबी लाइनों में खड़ा होना पड़ रहा है। शुक्रवार को सुबह से ही डबल लॉक केंद्रों पर किसानों की भीड़ देखने को मिली, जहां कई किसान घंटों इंतज़ार के बाद खाद प्राप्त कर सके।
किसानों का कहना है कि उन्होंने प्रशासन द्वारा जारी ई-टोकन पहले से बुक कर रखा था, इसके बावजूद केंद्रों पर पहुंचने के बाद उन्हें लाइन में लगना पड़ा। कई किसानों ने बताया कि टोकन व्यवस्था का उद्देश्य भीड़ कम करना था, लेकिन जमीनी स्तर पर इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।
बोवनी के समय खाद न मिलने से बढ़ी परेशानी
उल्लेखनीय है कि धान की कटाई के बाद क्षेत्र में गेहूं और चना की बोवनी का काम तेजी से चल रहा है। इसी कारण किसानों को इस समय खाद की तत्काल आवश्यकता है। बोवनी का उपयुक्त समय निकलने का डर किसानों की चिंता बढ़ा रहा है। ऊपर से समय पर खाद ना मिलने से फसलें भी प्रभावित हो सकती हैं।
टोकन की सुविधा, खाद वितरण की गति धीमी
प्रशासन द्वारा टोकन सुविधा तो दी जा रही है, लेकिन खाद वितरण की गति धीमी होने के कारण अव्यवस्थाएं सामने आ रही हैं। किसानों को लाइन में लगकर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जिससे नाराजगी भी देखी जा रही है। किसानों ने मांग की है कि वितरण व्यवस्था को और सुचारू किया जाए, ताकि समय पर खाद मिल सके और बोवनी प्रभावित न हो।
