
*कहा : मध्य प्रदेश के रजत पाटीदार की कप्तानी में आरसीबी का चैंपियन बनना हमारे लिए गर्व की बात*
ग्वालियर। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज गुरुवार को मध्य प्रदेश लीग के सीजन-2 का उद्घाटन किया । सिंधिया ने कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों और आयोजकों को संबोधित करते हुए कहा कि क्रिकेट आज हर व्यक्ति के रग-रग में समाया हुआ है। यह केवल एक खेल नहीं, बल्कि यह देश के करोड़ों लोगों को एक- दूसरे से जोड़ने की स्पिरिट है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस आयोजन में शामिल होकर एक नई ऊर्जा महसूस कर रहा हूं। सिंधिया ने अपने बचपन के दिनों को याद करते हुए बताया कि किस तरह उन्हें उनके स्वर्गीय पिता माधवराव सिंधिया के साथ दुनियाभर के महान क्रिकेटरों के साथ संवाद करने का अवसर प्राप्त हुआ था। उन्होंने कहा तब से लेकर आज तक क्रिकेट में बहुत परिवर्तन आ गया है।
सिंधिया ने आईपीएल 2025 की विजेता रॉयल चैलेंजर बेंगलुरु टीम की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह हम सभी के लिए गर्व की बात है कि इस बार की आईपीएल विजेता टीम के कप्तान रजत पाटीदार मध्यप्रदेश के खिलाड़ी हैं। उन्होंने रजत की कप्तानी की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके भीतर नेतृत्व की अपार क्षमताएं हैं। सिंधिया ने कहा कि इस बार आयोजन में महिला टीमों को शामिल करके महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। पूरा भरोसा है कि सभी पांचों पुरुष टीम और तीनों महिला टीम इस बार अपने खेल प्रदर्शन के आधार पर एक नया इतिहास रचेंगे। सिंधिया ने कहा कि आज मध्यप्रदेश में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत होने के साथ- साथ खेलों के प्रति लोगों का लोगो की रुचि और भागीदारी लगातार बढ़ रही है।
*एमपीएल एक लॉन्चपैड की तरह है – सिंधिया*
सिंधिया ने मध्य प्रदेश लीग के आयोजन को लॉन्चपैड बताते हुए कहा कि यह एक ऐसा आयोजन है, जहां खिलाड़ियों के प्रदर्शन को देखने के लिए आईपीएल सिलेक्टर्स की टीम के सदस्य भी यहां आते हैं। जिसका सबसे बड़ा उदाहरण है कि पिछले साल एमपीएल के 11 खिलाड़ी आईपीएल के लिए चयनित हुए थे। सिंधिया ने कहा – मध्य प्रदेश देश का पहला और इकलौता राज्य है, जहां सबसे पहले हमने इसकी शुरुआत की है।
बता दें, 12 जून से शुरू होने वाले एमपीएल के सभी क्रिकेट मैच, ग्वालियर के विश्वस्तरीय माधवराव सिंधिया क्रिकेट स्टेडियम में खेलें जाएंगे।
