
ग्वालियर। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की सहमति से भारतीय जनता पार्टी ग्वालियर महानगर जिले के नए पदाधिकारियों की घोषणा कर दी गई है। इस सूची में कुल 34 नेताओं को संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी गई है। ग्वालियर भाजपा की नई कार्यकारिणी में अनुभव और युवा जोश का संगम है।
भाजपा जिला पदाधिकारियों में सत्येंद्र शर्मा एवं विनय जैन सहित केशव मांझी, राघवेन्द्र शर्मा, कनवर किशोर मंगलानी, विकास साहू, लता सिंह को उपाध्यक्ष बनाया गया है, वहीं जवाहर प्रजापति , धर्मेन्द्र तोमर बिटटू, राजू पलैया को महामंत्री बनाया गया है। जिला मंत्रियों की सूची में अजय द्विवेदी, कुलदीप चतुर्वेदी, चंदन पटेल, आलोक श्रीवास्तव, अमित बंसल, प्रीति थोराट, रेशू राजावत, प्रिया तोमर को शामिल किया गया है। कोषाध्यक्ष अमित जैन, सह कोषाध्यक्ष उमेश जोशी, नंदिनी गणफुले, कार्यालय मंत्री राघवेन्द्र सिंह कुशवाह, सह कार्यालय मंत्री बिरजू शिवहरे, रवि पांडे, मीडिया प्रभारी निशिकांत मोघे, सह मीडिया प्रभारी नूतन श्रीवास्तव, वंदना भूपेन्द्र प्रेमी, सोशल मीडिया संय़ोजक संतोष राजौरिया, आईटी संयोजक गौरव वाजपेयी को बनाया गया है।
भाजपा संगठन सूत्रों के अनुसार महानगर स्तर पर संगठन को मजबूत करने, आगामी चुनावी तैयारियों और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह नियुक्तियां की गई हैं। नए पदाधिकारियों में संगठनात्मक अनुभव, सक्रिय कार्यकर्ताओं और युवा नेतृत्व को प्राथमिकता दी गई है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि इन नियुक्तियों से ग्वालियर महानगर में संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और बूथ स्तर तक पार्टी की पकड़ और मजबूत होगी। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों से अपेक्षा की गई है कि वे संगठन हित में समर्पित भाव से कार्य करते हुए भाजपा की विचारधारा को आगे बढ़ाएंगे। भाजपा नेतृत्व ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन के प्रति जिम्मेदारी और अनुशासन के साथ कार्य करने का आह्वान किया है।
