
भोपाल। निशातपुरा थाना क्षेत्र में गर्भवती महिला को सरकारी सहायता राशि दिलाने का झांसा देकर साइबर ठग ने 64,725 रुपए ठग लिए. ठग ने खुद को जिला चिकित्सा अधिकारी कार्यालय का कर्मचारी बताते हुए महिला को विश्वास में लिया और उसके खाते से रुपये निकाल लिए. पुलिस के अनुसार, वर्षा शुक्ला (27) निवासी संजीव नगर की जेठानी ने 16 जुलाई को गर्भावस्था से संबंधित जानकारी वाला आवेदन पलासी आंगनबाड़ी केंद्र में जमा किया था. उसी दिन महिला के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया. फोन करने वाले ने अपना नाम रविशंकर पटेल बताते हुए खुद को जिला चिकित्सा अधिकारी कार्यालय का कर्मचारी बताया. इसी बहाने उसने वर्षा के साथ ठगी कर ली. इसी तरह मिसरोद क्षेत्र के सेवानिवृत्त भौतिकी प्राध्यापक कैलाशचंद्र सक्सेना को बिजली विभाग का अधिकारी बनकर फोन किया गया. बिजली कनेक्शन काटने की धमकी देकर सत्यापन के नाम पर जानकारी ली गई और उनके क्रेडिट कार्ड से 96,201 रुपये निकाल लिए गए.पिपलानी क्षेत्र में राजा राम सिंह से 1,295 रुपये, अंकित साहू से 6 हजार रुपये और पंकज कुमार से 90 हजार रुपये की ठगी हुई. स्टेशन बजरिया क्षेत्र में लखन प्रजापति को भाई के दुर्घटनाग्रस्त होने का झांसा देकर 1.11 लाख रुपये ठग लिए गए. छोला मंदिर क्षेत्र में किसान सुरेश कुमार गौर को प्रधानमंत्री कुसुम सौर योजना का लाभ दिलाने के नाम पर 69,051 रुपये ठगे गए. इसी क्षेत्र में सुशील कुमार गुप्ता के खाते से 47 हजार रुपये और रजनीकांत मिश्रा से 7 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी की गई.
