इंदौर:राऊ थाना क्षेत्र में बीती रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पुलिस विभाग के प्रधान आरक्षक की जान चली गई. सड़क निर्माण के दौरान लगाए गए लोहे के पतरों से बाइक टकराने के बाद उनके सिर में गंभीर चोट आई थी.हादसा एबी रोड पर उस समय हुआ, जब डीआरपी लाइन में पदस्थ प्रधान आरक्षक महेश धाकड़ दोपहिया वाहन से इंदौर से राऊ गोल चौराहे की ओर जा रहे थे. रास्ते में अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वे सड़क निर्माण कार्य के लिए लगाए गए लोहे के सुरक्षा पतरों से जा टकराए.
टक्कर इतनी तेज थी कि महेश धाकड़ के सिर में गंभीर चोट आई. मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत डायल 112 को सूचना दी. पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल प्रधान आरक्षक को तत्काल चोइथराम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के अधिकारी और सहकर्मी अस्पताल पहुंचे. मामले में पुलिस ने राऊ थाने में मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में निर्माणाधीन सड़क पर लगाए गए पतरों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पड़ताल की जा रही है
