हिण्डोरिया/दमोह: इस्लाम धर्म के प्रवर्तक, अमन-शांति के अलमबरदार, पीड़ितों- मजलूमों के मसीहा, हर आलम की रहमत, अव्वल व आखिरी पैगम्बर, मेहबूबे खुदा हजरत मुहम्मद सल्लल्लाहो अलेयहे बसल्लम के जन्म दिवस की याद मे पूरे विश्व में मनाया जाने वाले पर्व जश्ने ईद मीलादुन्नवी को लेकर नगर हिण्डोरिया के मुस्लिम वार्डों मे सभी तैय्यारियां बडे़ जोर शोर से चल रहीं हैं।इस सम्बन्ध में जश्ने ईद मीलादुन्नवी इंतजामियां कमेटी के सदर अल्ताफ बाबू ने बताया कि मुस्लिम वार्डों कीसभी गलियों, चौराहों को कमेटी की ओर से आकर्षक झालरों- रंगीन लाईटों आदि से सजाया- संवारा गया है। नगर के चौगडडा को डाॅ. सलीम कुरैशी बडे़ साहब व्दारा व्यक्तित तौर पर बहुत ही शानदार ढंग से सजाकर आकर्षित बनाया गया है। नगर के अनेक मुस्लिम भाईयों ने अपनी तरफ से भी अपने मकानों- दुकानों आदि मे सजावट की है।
जामा मस्जिद, ईदगाह मस्जिद, नूरी फरीदी मदरसा मे भी बहुत बेहतरीन साज सज्जा की गई है। स्थानीय जामा मस्जिद एवं नूरी-फरीदी मदरसा मे रोज रात्री मे सरकार की आमद की याद मे मीलादे पाक का आयोजन किया जा रहा है। जहाँ प्रोग्राम में हजरत मुहम्मद साहब की आमद, सूरत, सीरत पर हाफिज व उलेमाओं व्दारा रोशनी डाली जा रही है। शायरों व्दारा नाते पाक पढ़ीं जा रहीं हैं। नित प्रसाद (तवर्रूक) का वितरण भी प्रोग्राम के बाद किया जा रहा है। नगर के मुस्लिम वार्डों मे इस्लाम धर्म के हरे-भरे झण्डे , बैनर चारों तरफ घर- दुकानों मे लहलहा रहे हैं। नगर के वरिष्ठ कलाकार मुबारक खान, फहीम खान, बल्लू बिरयानी ने बताया कि नगर मे मुस्लिम समाज के छोटे छोटे बाल कलाकारों व्दारा हर साल की तरह इस साल भी अनेक जगहों पर मजहबी सीनरियों के निर्माण के कार्य को पूरा कर लिया गया है।
ये सभी मजहबी सीनरियां आज 25 अगस्त 2026 दिन मंगलवार की रात्री में पण्डालों मे सभी वर्गों के लोगों के दर्शनार्थ हेतु रखीं जायेंगी। इसके पूर्व नगर के मुस्लिम नौजवानों के व्दारा आज 25 अगस्त 2026 की अपरान्ह 04 बजे से बाईक रैली भी प्रमुख मार्गों पर निकाली जायेगी। 26 अगस्त 2026 दिन बुधवार की अल सुबह 08 बजे जामा मस्जिद परिसर मे पीरो-मुर्शिद हाजी कमालुददीन खान साहब सल्लामहु तआल़ा (कमाल मियां) की सरपरस्ती में परचम कुशाई की रस्म अदा की जायेगी। इसके पश्चात विशाल जुलुस- ए- मुहम्मदी नगर के प्रमुख मार्गों पर अपनी गंगा जमुनी संस्कृति को प्रदर्शित करते हुये एवं शासन की गाईड लाइन का पालन करते हुये आपसी सदभाव पूर्ण माहौल मे निकाला जायेगा। जुलूस समापन पर मजहबी एवं दीनी जलसा आयोजित किया जायेगा। नगर इंतजामियां कमेटी ने सभी वर्गों के लोगों एवं स्वजातीय बंधुओं से प्रोग्राम में बड़ी संख्या में शिरकत की गुजारिश की है।
