पैसे मांगने पर किराना दुकानदार पर फायरिंग, गोली लगने से घायल

मुरैना:सिकरौदा क्षेत्र के बड़ी नहर चौराहे पर किराना दुकान से सिगरेट और कोल्ड्रिंक लेने के बाद पैसे मांगना दुकानदार को भारी पड़ गया। बाइकों पर सवार होकर आए पांच बदमाशों ने पहले दुकानदार से गाली-गलौज की और विरोध करने पर दुकान पर फायरिंग कर दी। गोलीबारी में दुकानदार घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपियों के मौके से फरार होने की बात सामने आई है।
घटना बड़ी नहर चौराहे पर गोवर्धन होटल के सामने स्थित किराना दुकान की है। घायल गीता राम गुर्जर उर्फ सिर मोहर सिंह (34), निवासी बड़ी नहर चौराहा सिकरौदा ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि कुछ युवक दुकान पर आए थे। उन्होंने सिगरेट और कोल्ड ड्रिंक सहित अन्य सामान लिया। सामान देने के बाद जब उसने ग्राहकों से पैसे मांगे तो आरोपी कथित तौर पर नाराज हो गए और उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
दुकानदार के मुताबिक उसने जब बिना पैसे दिए सामान ले जाने का विरोध किया और गाली-गलौज करने से मना किया तो विवाद और बढ़ गया। इसी दौरान आरोपियों में से एक ने कथित तौर पर हथियार निकाल लिया और दुकान की तरफ फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान गीता राम गुर्जर गोली लगने से घायल हो गया।

Next Post

त्योहारों से पहले खजराना में पुलिस का फ्लैग मार्च

Mon Aug 24 , 2026
इंदौर:आगामी त्योहारों के मद्देनजर खजराना इलाके में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. पुलिस बल ने क्षेत्र के प्रमुख मार्गों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया. इस दौरान पुलिस ने असामाजिक तत्वों को भी कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ नहीं करने का […]

You May Like