विश्वविद्यालय का घेराव करने जा रहे एनएसयूआई कार्यकर्ताओं पर वाटर कैनन और छोड़े गए आंसू गैस के गोले

रीवा, अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय रीवा में कथित अनियमितताओं, परीक्षा एवं परिणामों में देरी, नियुक्तियों में नियमों की अनदेखी सहित 25 सूत्रीय मांगों को लेकर एनएसयूआई द्वारा विश्वविद्यालय का घेराव प्रदर्शन किया गया. विश्वविद्यालय की ओर बढ़ रहे छात्रों को पुलिस ने बैरीकेट्स लगाकर पहले ही रोक लिया और जब आक्रोशित छात्र आगे बढ़े तो उन्हे नियंत्रित करने के लिये वाटर कैनन एवं आंसू गैस का इस्तेमाल किया गया. जिसके बाद छात्र तितर-बितर हो गये. एनएसयूआई जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय के नेतृत्व में सोमवार को विश्वविद्यालय का घेराव किया गया.

आरोप है कि छात्रों की समस्याओं और विश्वविद्यालय में उठाए जा रहे गंभीर सवालों का जवाब देने के बजाय प्रशासन पुलिस बल के माध्यम से आंदोलन को दबाने का प्रयास कर रहा है. संगठन ने परीक्षा एवं परिणामों में देरी, कथित वित्तीय अनियमितताओं, नियुक्तियों, पीएचडी एवं परीक्षा प्रक्रिया, छात्रवृत्ति और अन्य मामलों की स्वतंत्र जांच की मांग दोहराई. एनएसयूआई जिला अध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने कहा कि आज का घेराव आंदोलन का अंत नहीं है. विश्वविद्यालय में छात्रों के अधिकारों और कथित अनियमितताओं के खिलाफ लड़ाई आगे भी जारी रहेगी, उन्होंने घोषणा की कि बुधवार को एक बार फिर विश्वविद्यालय में प्रदर्शन किया जाएगा. आगामी सोमवार से अनिश्चित कालीन भूख हड़ताल शुरू की जाएगी. एनएसयूआई का आरोप है कि शिकायतों की निष्पक्ष जांच नही होती और दोषी पाए जाने पर किसी तरह की कार्यवाही नही होती. छात्रों की समस्याओं का निराकरण करने में विश्वविद्यालय प्रशासन असफल है. सवालों का जवाब संवाद के माध्यम से भी दिया जा सकता है, लेकिन हर बार विश्वविद्यालय प्रशासन पुलिस को आगे कर देता है.

Next Post

नेपाल में बाढ़ का कहर, तेज बहाव में देखते ही देखते बह गया पूरा वडा कार्यालय भवन

Mon Sep 28 , 2026
नेपाल के बागलुंग जिले के गलकोट नगरपालिका-9 स्थित बासखोला इलाके में भारी बारिश के बाद हालात बिगड़ गए। तेज बहाव में वडा कार्यालय की इमारत बह गई। सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि पानी का बहाव बढ़ने के साथ भवन धीरे-धीरे कमजोर पड़ा और देखते ही देखते […]

You May Like