अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में डॉ. सिंघल ने बढ़ाया जीआरएमसी का गौरव

ग्वालियर। जीआरएमसी के एनेस्थीसियोलॉजी विभाग के एसोसिएट प्रो डॉ. शक्ति सिंघल ने नई दिल्ली में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में सहभागिता कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया। 21 एवं 22 नवंबर को आयोजित रीढ़ एवं मेरुदंड की चोटों से संबंधित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन (इसीकॉन-2026) में उन्होंने विशेषज्ञ व्याख्यान देने के साथ कई वैज्ञानिक सत्रों की अध्यक्षता भी की।
एनेस्थीसियोलॉजी विभाग के इतिहास में पहली बार किसी एसोसिएट प्रोफेसर ने इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में दर्द प्रबंधन एवं रीढ़ की सर्जरी के बाद मरीजों की देखभाल पर विशेषज्ञ व्याख्यान प्रस्तुत किया। सम्मेलन में देश-विदेश के प्रख्यात रीढ़ रोग विशेषज्ञ, न्यूरोसर्जन, एनेस्थीसियोलॉजिस्ट एवं दर्द विशेषज्ञ शामिल हुए।
डॉ. सिंघल ने ‘रीढ़ की सर्जरी के बाद दर्द से आगे बढ़कर बेहतर कार्यात्मक सुधार’ विषय पर व्याख्यान देते हुए बताया कि सर्जरी के बाद मरीज की रिकवरी का आकलन केवल दर्द की तीव्रता से नहीं, बल्कि उसकी दैनिक गतिविधियों, चलने-फिरने की क्षमता, पुनर्वास, जीवन की गुणवत्ता और दीर्घकालिक सुधार के आधार पर भी किया जाना चाहिए।
इसके अलावा डॉ. सिंघल ने रीढ़ की आधुनिक सर्जरी, विभिन्न चिकित्सा विषयों और इंजेक्शन के बाद मेरुदंड संबंधी जोखिमों पर आयोजित वैज्ञानिक सत्रों की अध्यक्षता की। इन सत्रों में सर्जरी की आधुनिक तकनीकों, मरीजों की सुरक्षा और जटिलताओं के प्रबंधन पर चर्चा हुई। महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. आरकेएस धाकड़ ने डॉ. शक्ति सिंघल को बधाई देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर व्याख्यान और वैज्ञानिक सत्रों की अध्यक्षता करना जीआरएमसी के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। इससे महाविद्यालय की अकादमिक पहचान को मजबूती मिली है।

Next Post

सूर्या स्टार शेफ सीज़न 2 ने विजेता टीमों का जश्न मनाकर चैनल पार्टनर्स के साथ संबंधों को मजबूत किया

Mon Nov 23 , 2026
ग्वालियर। ‘सूर्या रोशनी लिमिटेड’ ने अपनी मालनपुर इकाई में ‘सूर्या स्टार शेफ’ के दूसरे सीज़न का समापन किया। इस पहल में चैनल पार्टनर्स और उनके परिवार के सदस्यों से बनी 10 टीमों ने हिस्सा लिया। इस आयोजन ने खाना पकाने की रचनात्मकता, पारिवारिक जुड़ाव और आपसी एकजुटता का जश्न मनाया, […]

You May Like