
रीवा, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल 4 एवं 5 अक्टूबर को रीवा संभाग के दो दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। प्रदेश अध्यक्ष के प्रवास को लेकर भाजपा संगठन में उत्साह का माहौल है। अपने प्रवास के दौरान श्री खण्डेलवाल मैहर, सतना, रीवा एवं मऊगंज में विभिन्न संगठनात्मक बैठकों, सेवा संकल्प अभियान, वृक्षारोपण तथा सामाजिक गतिविधियों में सहभागिता करेंगे।
भाजपा मीडिया विभाग के प्रदेश सदस्य एवं रीवा-शहडोल संभाग प्रभारी योगेंद्र शुक्ला ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल 4 अक्टूबर को सुबह रेवांचल एक्सप्रेस से मैहर पहुंचेंगे। यहां वे मां शारदा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे तथा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। इसके पश्चात वे जिला स्तरीय संगठनात्मक बैठक को संबोधित करेंगे और पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
मैहर के कार्यक्रमों के पश्चात प्रदेश अध्यक्ष दोपहर में सतना पहुंचेंगे। सतना में जिला स्तरीय बैठक के साथ वृक्षारोपण एवं सेवा संकल्प अभियान से संबंधित कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे। इसके बाद शाम लगभग 7 बजे वे रीवा के लिए रवाना होंगे।
रीवा में जगह-जगह होगा स्वागत
रीवा आगमन पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का चंद्रलोक होटल के पास भाजपा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद उनका स्वागत मार्ग जय स्तंभ, स्टैच्यू चौराहा, प्रकाश चौराहा होते हुए शिल्पी प्लाजा से राजनिवास तक रहेगा।
रीवा नगर में प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। जय स्तंभ से लेकर स्टैच्यू चौराहा एवं शिल्पी प्लाजा तक विभिन्न स्थानों पर स्थानीय व्यापारिक संगठनों, सामाजिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं तथा भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया जाएगा।
मऊगंज में संगठनात्मक बैठक, रीवा में चित्रकला प्रदर्शनी 5 अक्टूबर को श्री खण्डेलवाल सुबह अटल पार्क में वृक्षारोपण कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मऊगंज के लिए रवाना होंगे। मऊगंज में वे सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे तथा जिला स्तरीय वृहद बैठक को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही मऊगंज भाजपा जिला कोर समिति की बैठक में भी शामिल होंगे।
दोपहर लगभग 2 बजे रीवा लौटने के बाद प्रदेश अध्यक्ष राज कपूर ऑडिटोरियम में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित चित्रकला प्रदर्शनी के पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। वे सेवा कार्यों में भी शामिल होंगे तथा भाजपा कार्यालय में आयोजित जिला स्तरीय वृहद संगठनात्मक बैठकों को संबोधित करेंगे।
दो दिवसीय प्रवास के दौरान प्रदेश अध्यक्ष संगठन की गतिविधियों, सेवा कार्यों एवं आगामी कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। प्रवास पूर्ण होने के बाद श्री खण्डेलवाल 5 अक्टूबर को ही रेवांचल एक्सप्रेस से भोपाल के लिए रवाना होंगे।
प्रदेश अध्यक्ष के रीवा संभाग प्रवास को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह है तथा विभिन्न जिलों में कार्यक्रमों की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
