हरियाणा से कनाडा भेजा गया 24 टन फ्रोजन फूड, किसानों की बढ़ी आय

नयी दिल्ली, 2 अक्टूबर (वार्ता) हरियाणा के सोनीपत से कनाडा के लिए 24 टन फ्रोजन फूड (बर्फ से ठंडे हुए खाद्य पदार्थ) उत्पादों की एक बड़ी खेप कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) के सहयोग से रवाना की गई है। किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) के जरिए हुआ यह निर्यात भारतीय कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इस खेप में कुल 35,140 कैनेडियन डॉलर मूल्य के फ्रोजन फूड उत्पादों के 2,295 डिब्बे शामिल हैं। इस खेप में मुख्य रूप से हरी मटर, मिश्रित सब्जियां, मटर एवं गाजर, स्वीट कॉर्न शामिल हैं। यह निर्यात कृषि क्षेत्र में एफपीओ की बढ़ती भूमिका और निर्यात को रेखांकित करता है। एपीडा लगातार एफपीओ और अंतरराष्ट्रीय निर्यातकों के बीच सीधे संबंध स्थापित करने के प्रयास कर रहा है, जिससे बिचौलियों को हटाकर किसानों को सीधे वैश्विक खरीदारों से जोड़ा जा सके।

खेप को रवाना करने के अवसर पर एपीडा के अध्यक्ष अभिषेक देव ने निर्यातकों और हितधारकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि एफपीओ द्वारा सीधे किए जाने वाले निर्यात से उत्पादकों को उनके उत्पादों का बेहतर और लाभकारी मूल्य प्राप्त हो सकेगा। उन्होंने इस पहल में राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी उद्यमशीलता एवं प्रबंधन संस्थान के बहुमूल्य योगदान की सराहना की और उम्मीद जताई कि भविष्य में कनाडाई बाजार में प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थों के निर्यात का और अधिक विस्तार होगा।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के तहत कार्यरत एपीडा, भारतीय कृषि उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय बाजारों में पहुंच बढ़ाने और किसान समूहों को वैश्विक मूल्य श्रृंखला से जोड़कर उनकी आय में वृद्धि करने के लिए लगातार कार्यरत है।

.....

Next Post

वैश्य समाज ने विशाल वाहन रैली निकालकर दिखाई सामाजिक एकता

Fri Oct 2 , 2026
रीवा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के पावन अवसर पर वैश्य महासम्मेलन जिला रीवा द्वारा भव्य एवं विशाल वाहन रैली का आयोजन किया गया। रैली में वैश्य समाज के विभिन्न घटकों के वरिष्ठजन, युवा, मातृशक्ति एवं सामाजिक बंधुओं ने बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक […]

You May Like